चंद्रगुप्त कोल परियोजना के आउटसोर्सिंग कार्यालय पर ताबड़तोड़ 20 राउंड फायरिंग, राहुल दुबे गैंग ने ली जिम्मेदारी
चतरा, 23 अगस्त (हि.स.)। टंडवा के चंद्रगुप्त कोल परियोजना के उड़सू स्थित आउटसोर्सिंग कंपनी शुशी कोल माइंस के कार्यालय पर रविवार दोपहर चार नकाबपोश अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैला दी।
दो बाइकों पर सवार अपराधियों ने कार्यालय परिसर के बाहर करीब 20 राउंड गोलियां चलाईं। फायरिंग में सुरक्षा में तैनात एक गार्ड घायल हो गया। घटना के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दो बाइक पर सवार चार नकाबपोश अपराधी दोपहर में कार्यालय गेट के पास पहुंचे और अचानक फायरिंग शुरू कर दी। अपराधियों ने कार्यालय को निशाना बनाते हुए लगातार गोलियां चलाईं। जिससे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। बताया गया कि हमलावर आर-15 और बुलेट बाइक पर सवार होकर सिमरिया की ओर से आए थे। घटना को अंजाम देने के बाद टंडवा की दिशा में भाग निकले।
फायरिंग के दौरान गोरवार निवासी 32 वर्षीय सुरक्षा गार्ड रविश कुमार यादव के हाथ में गोली लग गई। घायल गार्ड को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही टंडवा थाना प्रभारी पप्पू शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से कई खोखे और एक पर्चा बरामद किया है। थाना प्रभारी ने बताया कि अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
एसडीपीओ प्रभात रंजन बरवार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में चार अपराधियों के शामिल होने और करीब 20 राउंड फायरिंग किए जाने की बात सामने आई है। घटनास्थल से मिले पर्चे में राहुल दुबे गैंग की ओर से हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है और जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी का दावा किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी