सीसीएल की लाडली योजना से जेईई एडवांस में तीन छात्रों ने मारी बाजी

 


रांची, 09 जून (हि.स.)।

सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) की कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) पहल के तहत संचालित सीसीएल के लाल और सीसीएल की लाडली योजना के तीन विद्यार्थियों ने जेईई एडवांस्ड-2026 में सफलता हासिल कर राज्य और संस्थान का नाम रोशन किया है।

यह जानकारी सीसीएल प्रबंधन की ओर से मंगलवार को जारी प्रेस विज्ञपप्ति में दी गई। प्रेस विज्ञपप्ति में बताया गया कि वर्ष 2024-26 बैच से जुड़े प्रतिभाशाली छात्र आयुष कुजूर ने एसटी श्रेणी में 1242 वीं रैंक, माही प्रिया प्रसाद ने ओबीसी श्रेणी में 11173 वीं रैंक और मेघा कुमारी ने एसटी श्रेणी में 3673 वीं रैंक प्राप्त की है। तीनों विद्यार्थी साधारण ग्रामीण पृष्ठभूमि से आते हैं और उनकी सफलता कठिन परिश्रम, गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन और निरंतर प्रयास का परिणाम मानी जा रही है। सीसीएल प्रबंधन ने विद्यार्थियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर और प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

योजना के अंतर्गत विद्यार्थियों को निःशुल्क कोचिंग, आवास और भोजन की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। सीसीएल के अनुसार, यह सफलता शिक्षा के क्षेत्र में कंपनी की प्रतिबद्धता और सामाजिक दायित्वों के प्रभावी क्रियान्वयन का प्रमाण है। प्रबंधन ने कहा कि भविष्य में भी शिक्षा और कौशल विकास के माध्यम से युवा प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए ऐसे प्रयास जारी रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar