सीसीएल में सीपीआरएमएसई-एनई पोर्टल 2.0 का हुआ शुभारंभ
रांची, 18 सितंबर (हि.स.)। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के सेवानिवृत्त कर्मियों और उनके आश्रितों के लिए मेडिकल बिल जमा करने और उसकी स्थिति ट्रैक करने की प्रक्रिया अब आसान हो गई है। सीसीएल के सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह ने 10 सितंबर 2026 को दरभंगा हाउस, रांची स्थित मंथन सभागार में सीपीआरएमएसई-एनई पोर्टल 2.0 का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर सीसीएल के महाप्रबंधक, सीसी एंड पीआर आलोक कुमार ने कहा कि पोर्टल से सेवानिवृत्त कर्मियों और उनके आश्रितों को बेहतर, पारदर्शी और सुविधाजनक सेवा मिलेगी। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मियों ने अपने सेवाकाल में संस्था की प्रगति में योगदान दिया है, इसलिए सेवानिवृत्ति के बाद भी उन्हें सम्मानजनक और सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराना संस्था की जिम्मेदारी है।
मौके पर सीसीएल के सीएमडी ने कहा कि पोर्टल सीसीएल की टीम ने इन-हाउस विकसित किया है। इसके माध्यम से सेवानिवृत्त कर्मियों को मेडिकल उपचार के बाद प्रतिपूर्ति के लिए जरूरी दस्तावेज जमा करने के लिए कार्यालय आने की जरूरत नहीं होगी। वे अपने सीपीआरएमएसई में पंजीकृत मोबाइल नंबर के माध्यम से कहीं से भी ऑनलाइन दस्तावेज जमा कर सकेंगे।
मेडिकल दावों की प्रक्रिया में पीआरबी, सीएमएस/मेडिकल और फाईनांस जैसे विभिन्न विभाग शामिल होते हैं। पोर्टल के जरिए इन विभागों के बीच दावों का इलेक्ट्रॉनिक संचालन संभव होगा। इससे लाभार्थियों को अपने दावे की स्थिति की जानकारी आसानी से मिल सकेगी और विभागीय स्तर पर भी दावों की निगरानी एवं प्रक्रिया पूरी करने में सुविधा होगी।
पोर्टल लॉन्च के दौरान निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र, सीवीओ पंकज कुमार सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar