सीसीएल निदेशालय ने लगाया शिकायत निवारण शिविर
हजारीबाग, 22 जुलाई (हि.स.)। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के निदेशालय (मानव संसाधन प्रबंधन) के तत्वावधान में हजारीबाग क्षेत्र में शिकायत निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 27 शिकायतों का पंजीकरण किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाप्रबंधक (मानव संसाधन/समाधान प्रकोष्ठ) सुमन रस्तोगी ने की।
उन्होंने बताया कि सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक चले शिविर में अनुकम्पा नियुक्ति, आवास (क्वार्टर) अनुरक्षण, भविष्य निधि (पीएफ), पेंशन भुगतान, सीएमपीएफ से संबंधित ऑनलाइन डाटा अद्यतन तथा अन्य सेवा संबंधी मामलों से जुड़ी शिकायतें प्राप्त हुईं। कर्मचारियों और हितधारकों को अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों के समक्ष रखने का अवसर मिला। उन्होंने बताया कि कर्मचारियों एवं हितधारकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना तथा शिकायतों के प्रभावी और पारदर्शी निस्तारण की प्रक्रिया को मजबूत बनाना था।
शिविर के दौरान कई मामलों में मौके पर ही आवश्यक जानकारी और समाधान उपलब्ध कराया गया, जबकि शेष शिकायतों का नियमानुसार परीक्षण कर निर्धारित प्रक्रिया के तहत शीघ्र निस्तारण करने का आश्वासन दिया गया। सीसीएल प्रबंधन ने दोहराया कि कर्मचारियों एवं हितधारकों की समस्याओं के त्वरित समाधान, पारदर्शी व्यवस्था और उत्तरदायी प्रशासन के प्रति संस्था निरंतर प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में महाप्रबंधक (मानव संसाधन/समाधान प्रकोष्ठ) सुमन रस्तोगी, सीसीएल मुख्यालय के मुख्य प्रबंधक (समाधान प्रकोष्ठ) तेजविंदर सिंह, स्टाफ अधिकारी (मानव संसाधन) नीलाम्बरा मालिक, उप प्रबंधक (मानव संसाधन) निशांत कुमार परमार, मानव संसाधन विभाग के अधिकारी, सिविल विभाग के अधिकारी तथा विभिन्न यूनियनों के प्रतिनिधि मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar