सरकारी कार्यालयों में हिंदी का अधिक प्रयोग कर इसे व्यवहारिक बनाना जरूरी : अशोक
रांची, 11 नवंबर (हि.स.)। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के दरभंगा हाउस मुख्यालय में बुधवार को राजभाषा कार्यान्वयन समिति की तिमाही समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
इस दौरान विभिन्न कार्यालयों में हिंदी के प्रयोग और निर्धारित लक्ष्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। इस अवसर पर महाप्रबंधक अशोक कुमार ने कहा कि हिंदी सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय एकता की सशक्त अभिव्यक्ति है। दैनिक कार्यालयीन कार्यों में हिंदी का अधिकाधिक प्रयोग करते हुए इसे सरल और व्यवहारिक बनाना जरूरी है।
इस अवसर पर निदेशक हर्ष नाथ मिश्र ने कहा कि हिंदी कार्यसंस्कृति का अभिन्न हिस्सा है। इसका नियमित प्रयोग प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल बनाने और सूचनाओं के प्रभावी आदान-प्रदान में सहायक है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से हिंदी को दैनिक कार्यों का स्वाभाविक हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
बैठक में राजभाषा के उत्कृष्ट क्रियान्वयन, नवाचार और बेहतर प्रदर्शन के लिए विभिन्न विभागों और क्षेत्रों को सम्मानित किया गया। हिंदी के प्रभावी प्रयोग को और मजबूत बनाने का सामूहिक संकल्प लिया गया।
बैठक में महाप्रबंधक (राजभाषा) अशोक कुमार ने उपस्थित अधिकारियों का स्वागत किया। उप प्रबंधक (राजभाषा) दिविक दिवेश ने पिछली तिमाही में संचालित राजभाषा कार्यक्रमों, योजनाओं और उपलब्धियों का प्रस्तुतीकरण किया। बैठक की अध्यक्षता निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र ने की।
मौके पर विभिन्न विभागों के प्रमुख, महाप्रबंधक, राजभाषा नोडल अधिकारी और क्षेत्रों के प्रतिनिधि शामिल थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar