संयुक्त मोर्चा ने महाप्रबंधक कार्यालय के समक्ष किया प्रदर्शन
चतरा, 10 अगस्त (हि.स.)। कोल इंडिया के 12 वें जेबीसीसीआई के गठन में हो रही देरी, 11 वें वेतन समझौता के लंबित मुद्दा को लागू करने, वेज बोर्ड का गठन व अन्य मुद्दों को लेकर सोमवार को टंडवा के आम्रपाली, मगध संघमित्रा कोल परियोजना में महाप्रबंधक कार्यालय के समक्ष संयुक्त मोर्चा के बैनर तले जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष कोयला कर्मियों ने भाग लिया। इस दौरान श्रमिकों ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की। धरना-प्रदर्शन के दौरान संयुक्त मोर्चा के प्रतिनिधियों ने कहा कि जेबीसीसीआई-12 का गठन श्रमिकों के हितों से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा है। इसके अलावा मजदूरों की विभिन्न लंबित मांगों को लेकर भी आंदोलन किया जा रहा है।
उन्होंने केंद्र सरकार से मजदूर हितों की रक्षा करने और लंबित मांगों पर सकारात्मक पहल करने की मांग की। मगध एटक सचिव दीपांशु सिंह ने कहा कि जेबीसीसीआई-12 के गठन में कानूनी अड़चन का हवाला देकर केंद्र सरकार मजदूरों के हितों को प्रभावित करना चाह रही है। उन्होंने कहा कि मजदूरों के हितों के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। जेबीसीसीआई-12 के गठन और वेतन समझौता के लंबित मुद्दे की मांग को लेकर चरणबद्ध तरीके से आंदोलन जारी रहेगा और जरूरत पड़ने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
संयुक्त मोर्चा के नेताओं ने कहा कि श्रमिकों के अधिकारों और हितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मजदूरों की मांगों को लेकर संगठन आगे भी एकजुट होकर संघर्ष करेगा। प्रदर्शन में सीटू के गणेश, जेएमएस के जितेंद्र कुमार, आरसीएमयू के राहुल सिंह, आरकेएमयू के खुर्शीद समेत बड़ी संख्या में महिला-पुरुष कोयला कर्मी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी