कोयले के अवैध मुहाने को बंद करें सीसीएल और खनन विभाग : डीसी
रामगढ़, 29 मई (हि.स.)। जिले में कोयले के अवैध खनन और बालू के अवैध कारोबार पर पूरी तरीके से अंकुश लगेगा। डीसी ऋतुराज ने सीसीएल और खनन विभाग को कोयले के अवैध मुहाने को तत्काल बंद करने का निर्देश दिया है। इसके अलावा अवैध तरीके से हो रही बालू की तस्करी पर पूरी तरीके से प्रतिबंध लगाने का निर्देश जारी किया है। शुक्रवार को डीसी ऋतुराज और एसपी मुकेश कुमार लुनायत की उपस्थिति में जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक के दौरान जिला खनन पदाधिकारी निशांत अभिषेक ने अवैध खनन के विरुद्ध किए जा रहे कार्यों की जानकारी डीसी सहित अन्य अधिकारियों को पीपीटी के माध्यम से विस्तार पूर्वक दी। डीसी ने पिछले कुछ समय में अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए किए गए कार्यों की जानकारी ली और प्रभावी तरीके से अवैध खनन के विरुद्ध कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
डीसी ने खनन टास्क फोर्स की पूर्व की बैठक में दिए गए निर्देश पर किए गए कार्यों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने अवैध मुहानों को बंद करने के तहत किए गए कार्यों की जानकारी ली। साथ ही अवैध मुहानों से खनन होने संबंधित सूचना प्राप्त होने पर त्वरित रूप से कार्रवाई करते हुए उसे अच्छी तरह बंद कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
बैठक के दौरान डीसी ने सभी सीओ एवं सभी थाना प्रभारी को अवैध बालू परिवहन पर पूरी तरह से रोक लगाने के लिए कई दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खनिज के परिवहन में लगे सभी वाहनों में जीपीएस जरुर लगाया जाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश