आंदोलन कर रहे निहत्थे छात्रों पर लाठीचार्ज करना निंदनीय : राजेश

 


रामगढ़, 10 अगस्त (हि.स.)। भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष राजेश ठाकुर ने झारखंड विधानसभा के समक्ष छात्रों के सांकेतिक प्रदर्शन के दौरान पुलिस की ओर से किया गया लाठीचार्ज निंदनीय है।

राजेश ठाकुर ने कहा कि झारखंड के छात्र पिछले करीब 25 दिनों से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सांकेतिक आंदोलन कर रहे हैं। सोमवार को विधानसभा के समक्ष भी छात्रों ने सांकेतिक प्रदर्शन किया, लेकिन सरकार की ओर से उनकी समस्याओं का समाधान करने के बजाय उन पर लाठीचार्ज किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्रवाई में कई छात्र घायल हुए हैं।

उन्होंने झारखंड के लाखों छात्र-युवाओं के भविष्य से जुड़े जेपीएससी, जेएसएससी और सीजीएल जैसी सरकारी भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष सीबीआई जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि जांच के माध्यम से पूरे मामले की सच्चाई सामने आनी चाहिए और दोषी पाए जाने वाले लोगों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।

राजेश ठाकुर ने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग रखने और लोकतांत्रिक ढंग से विरोध दर्ज कराने का अधिकार संविधान प्रदत्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों पर लाठीचार्ज कर उनके मौलिक अधिकारों का हनन किया गया है। उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि घायल छात्रों का समुचित इलाज कराया जाए, पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराई जाए एवं जेपीएससी, जेएसएससी और सीजीएल परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की सीबीआई जांच कराकर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश