रिश्वत कांड में रेलवे अधिकारी हिमांशु शेखर से सीबीआई की पूछताछ
रांची, 30 मार्च (हि.स.)। रांची रेल मंडल में सामने आए रिश्वत कांड की जांच तेज हो गई है। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने रेलवे के मुख्य वाणिज्यिक निरीक्षक हिमांशु शेखर को रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। विशेष सीबीआई अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उसे तीन दिनों के रिमांड पर सौंपने का आदेश दिया था।
न्यायालय के निर्देश के अनुसार, सीबीआई की टीम सोमवार को हिमांशु शेखर को बिरसा मुंडा सेंट्रल जेल से अपने कार्यालय लेकर आई, जहां उससे गहन पूछताछ जारी है। सीबीआई ने उसे 25 मार्च की शाम ठेकेदार अजय त्यागी से 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया था।
गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसी ने मामले से जुड़े अन्य अधिकारियों से भी पूछताछ की। इसी क्रम में तत्कालीन सीनियर मंडल वाणिज्यिक प्रबंधक (डीसीएम) शुचि सिंह से करीब तीन घंटे तक पूछताछ की गई। हालांकि बाद में उन्हें छोड़ दिया गया, लेकिन जांच के लिए उनका मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया है, जिसकी जांच जारी है।
सीबीआई ने 26 मार्च को आरोपित को अदालत में पेश कर रिमांड की मांग की थी। अदालत ने सुनवाई के लिए 28 मार्च की तारीख तय की और तब तक उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। बाद में 28 मार्च को हुई सुनवाई में अदालत ने तीन दिनों की रिमांड मंजूर कर ली।
इस बीच, मामले की जांच में नाम आने के बाद रेल प्रशासन ने शुचि सिंह को उनके पद से हटा दिया है। उन्हें अब पीओ-आरसीटी के पद पर तैनात किया गया है, जबकि श्रेया सिंह को नया सीनियर डीसीएम बनाया गया है। हालांकि, रेलवे प्रशासन ने इस बदलाव को सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया बताया है।
सीबीआई फिलहाल इस पूरे मामले में रिश्वतखोरी के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य संभावित लोगों की भूमिका की गहन जांच कर रही है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।------------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे