सीआरपीएफ रैफ के ऑडिट में रिश्वतखोरी, सीबीआई ने सीनियर अकाउंटेंट को दबोचा
रांची, 18 सितंबर (हि.स.)। सीबीआई की रांची स्थित भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (एसीबी) ने सीआरपीएफ के रैपिड एक्शन फोर्स (रैफ) की इंटरनल ऑडिट पार्टी (आईएपी) के सीनियर अकाउंटेंट सोनू कुमार को पटना से गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि वह रैफ के हवलदार राकेश कुमार सिंह से 14 हजार रुपये रिश्वत ले रहा था। सीबीआई ने ट्रैप लगाकर उसे रंगे हाथों पकड़ा।
अधिकारिक सूत्रों के मुताबिक सीबीआई रांची की टीम उसे लेकर रांची आ रही है। आरोपित के विरुद्ध हवलदार राकेश कुमार सिंह की शिकायत पर सीबीआई की रांची स्थित भ्रष्टाचार निरोधक शाखा ने 16 सितंबर को प्राथमिकी दर्ज की थी। हवलदार राकेश जमशेदपुर के आदित्यपुर के बागान पारा गम्हरिया स्थित पूजा कुंज में रहते हैं। उन्होंने सोनू कुमार पर आरोप लगाया था कि सोनू कुमार ने उनपर हाउस रेंट अलाउंस (एचआरए) ज्यादा लेने का आरोप लगाया और उसे वापसी से बचाने के एवज में 50 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। उन्होंने इसकी शिकायत सीबीआई में की थी, जिसका सत्यापन कराया गया तो मामला सही पाया गया।
इसके बाद सीबीआई ने प्राथमिकी दर्ज की और आरोपित सोनू कुमार को गिरफ्तार किया। वह रिश्वत की पहली किश्त की राशि के रूप में 14 हजार रुपये ले रहा था। इसी दौरान पकड़ा गया। सीबीआई के डीएसपी कुलदीप के नेतृत्व में पटना गई टीम ने उसे गिरफ्तार किया है। दर्ज कांड के अनुसंधानकर्ता भी सीबीआई की एसीबी रांची के डीएसपी कुलदीप ही बनाए गए हैं।
रैफ के हवलदार राकेश कुमार सिंह ने सीबीआई को दी गई अपनी शिकायत में बताया है कि उनके सीनियर अधिकारी एएसआई बीके बेहूरा ने उन्हें फोन कर बताया कि सीआरपीएफ की इंटरनल ऑडिट टीम के कर्मचारी सोनू कुमार उनसे बात करना चाहते हैं।
हवलदार ने यह भी आरोप लगाया है कि 106 रैफ सीआरपीएफ जमशेदपुर में इंटरनल ऑडिट चल रहा है। ऑडिट के दौरान यह पता चला है कि उनको हाउस रेंट अलाउंस (एचआरए) के तौर पर एक लाख 99 हजार 680 रुपये का ज्यादा भुगतान हो चुका है। इस रकम की उनसे वसूली की जानी है। आरोप है कि इस रकम की वसूली से बचाने के लिए सोनू कुमार ने हवलदार से 50 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे