परीक्षा में अनियमितताओं के खिलाफ छात्राें ने निकाला कैंडल मार्च

 


रांची, 31 जुलाई (हि.स.)। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में चल रहा अभ्यर्थियों का सत्याग्रह शुक्रवार को सातवें दिन भी जारी रहा। इस दौरान जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में धरना के बाद अभ्यर्थियों ने सरकार और आयोग के खिलाफ शांतिपूर्ण कैंडल मार्च निकालते हुए आंदोलन को और धार दी गई।

कैंडल मार्च जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से अल्बर्ट एक्का चौक तक निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। इस दौरान अभ्यर्थियों ने आयोग में व्यापक सुधार, परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच और कथित गड़बड़ियों की सीबीआई जांच की मांग उठाई।

इस अवसर पर आंदोलन का समर्थन कर रहे छात्र नेता देवेंद्रनाथ महतो ने आरोप लगाया कि कुछ बाहरी तत्व कोचिंग संचालकों के रूप में आंदोलन को कमजोर करने की साजिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड के अभ्यर्थी अपने अधिकार और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेंगे। उन्होंने कहा कि किसी भी अफवाह से बचते हुए आंदोलन की एकता बनाए रखेंगे।

उन्होंने कहा कि अभ्यर्थी आयोग में व्यापक सुधार और निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित होने तक आंदोलन जारी रखेंगे।

मौके पर रामअवतार महतो सहित अन्य अभ्यर्थियों ने दोहराया कि उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

कैंडल मार्च में बड़ी संख्या में छात्र छात्राएं अभ्यर्थी सहित अन्य लोग मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar