डाक विभाग की योजनाओं को घर-घर पहुंचाने का अभियान तेज
रामगढ़, 07 सितंबर (हि.स.)। रामगढ़ में डाक विभाग की कल्याणकारी योजनाओं और बचत योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से सोमवार को मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव रविशंकर राय ने प्रधान डाकघर के पोस्टमास्टर मो जसीम खान के साथ ग्रामीण क्षेत्र सांडी स्थित प्राचीन शिव मंदिर टूटी झरना परिसर में दुकानदारों एवं ग्रामीणों के साथ बैठक की।
बैठक से पूर्व रविशंकर राय, पोस्टमास्टर मो जसीम खान और बिहार के हाजीपुर, रेपुरा लालगंज निवासी प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य राजीव कुमार राजू ने शिव मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस दौरान रामगढ़वासियों एवं डाकघर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की गई।
मंदिर परिसर में पूजा सामग्री की दुकान लगाने वाले दुकानदारों, श्रद्धालुओं और ग्रामीणों को संबोधित करते हुए पोस्टमास्टर मो जसीम खान ने कहा कि छोटी-छोटी बचत को नियमित रूप से डाकघर में जमा कर भविष्य के लिए एक अच्छी रकम तैयार की जा सकती है। उन्होंने लोगों से डाकघर की बचत योजनाओं का लाभ उठाने और खाते खुलवाने की अपील की।
ज्योतिषाचार्य राजीव कुमार राजू ने कहा कि डाकघर देश की सबसे पुरानी और विश्वसनीय संस्थाओं में से एक है। बदलते समय के साथ डाकघर की सेवाएं डिजिटल हुई हैं और अब लोगों को कई आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। उन्होंने दुकानदारों से कहा कि यदि वे अपनी प्रतिदिन की छोटी-सी आमदनी में से एक निश्चित राशि बचाकर डाकघर में जमा करें, तो भविष्य में यह रकम एकमुश्त बड़ी राशि के रूप में उनके काम आ सकती है।
मौके पर मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव रविशंकर राय ने बताया कि 24 सितंबर को डाक जीवन बीमा (पीएलआई) और ग्रामीण डाक जीवन बीमा (आरपीएलआई) महामेला आयोजित किया जाएगा। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से महामेला का लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि डाक जीवन बीमा एवं ग्रामीण डाक जीवन बीमा में कम प्रीमियम के साथ बेहतर बोनस एवं भविष्य की आर्थिक सुरक्षा का लाभ लिया जा सकता है।
इस अवसर पर पोस्टमास्टर मो जसीम खान, मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव रविशंकर राय, ज्योतिषाचार्य राजीव कुमार राजू, दुकानदार संजय कुमार महतो, मीतेश मिश्रा सहित कई ग्रामीण उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश