रामगढ़ में बाल विवाह के खिलाफ अभियान, 57 हजार से अधिक लोगों ने ली शपथ
-404 विद्यालयों और 427 आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजित हुए जागरूकता कार्यक्रम
रामगढ़, 27 नवंबर (हि.स.)। झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत रामगढ़ जिले में बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के खिलाफ व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। शुक्रवार को बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जिले के विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों और सामुदायिक स्तर पर जागरूकता एवं शपथ कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान में 57 हजार से अधिक लोगों ने भाग लेकर बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
अभियान के तहत जिले के 404 विद्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों में करीब 48 हजार विद्यार्थियों और दो हजार शिक्षकों ने हिस्सा लिया। वहीं, 427 आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से सात हजार से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ा गया। बच्चों, शिक्षकों और आम लोगों की व्यापक भागीदारी से बाल विवाह के खिलाफ सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया गया।
अभियान के संचालन में शिक्षा विभाग और समाज कल्याण विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दोनों विभागों के समन्वित प्रयास से विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों और समुदाय तक अभियान का संदेश पहुंचाया गया। एसोसिएशन फॉर वॉलंटरी एक्शन ने भी अभियान को सफल बनाने में सहयोग किया।
कार्यक्रमों के दौरान प्रतिभागियों को बाल विवाह के दुष्परिणामों, बच्चों के अधिकारों, बालिकाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य के महत्व की जानकारी दी गई। सभी ने बाल विवाह रोकने, इसके खिलाफ आवाज उठाने और अपने आसपास के लोगों को जागरूक करने की शपथ ली।
जिला प्रशासन ने समाज के सभी वर्गों से बाल विवाह की रोकथाम को सामूहिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाने की अपील की। प्रशासन ने कहा कि प्रत्येक बच्चे को शिक्षा, सुरक्षा और बेहतर भविष्य का अवसर मिलना चाहिए। इसके लिए समाज के हर व्यक्ति को आगे आकर बाल विवाह जैसी कुप्रथा के उन्मूलन में अपनी भूमिका निभानी होगी।
अभियान में 57 हजार से अधिक लोगों की सहभागिता ने बाल विवाह के खिलाफ लड़ाई में सामूहिक प्रयासों की अहमियत को रेखांकित किया।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश