कैंब्रियन स्कूल में खेल दिवस पर हुईं कई प्रतियोगिताएं

 


रांची, 31 अगस्त (हि.स.)। कैंब्रियन पब्लिक स्कूल कांके में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर सोमवार को विभिन्न खेल और योग गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की निदेशक सह प्राचार्या परमजीत कौर ने मेजर ध्यानचंद की तस्वीर पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि देकर की।

इस अवसर पर परमजीत कौर ने कहा कि खेल बच्चों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के साथ उनके समग्र विकास के लिए जरूरी है। खेल से अनुशासन, सामूहिकता और सद्भाव की भावना विकसित होती है। उन्होंने कहा कि खेलेगा भारत, जीतेगा भारत की सोच को सार्थक करने के लिए बच्चों में शुरुआती दौर से ही खेल भावना विकसित करना आवश्यक है।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष खेल दिवस श्रद्धांजलि, खेल और गति के तीन प्रमुख स्तंभों पर केंद्रित है। विद्यालय की ओर से फिटनेस और गति को बढ़ावा देने के लिए साइक्लोथलन और ग्राफिटी कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनके माध्यम से कला और पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के दौरान शिक्षक बनाम विद्यार्थी एकादश के बीच क्रिकेट मैच हुआ। सीनियर बालक वर्ग की इंटर हाउस वॉलीबॉल प्रतियोगिता में गोदावरी हाउस विजेता और गंगा हाउस उपविजेता रहा। बालिकाओं के लिए मैत्री क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। इसके अलावा खेल और योग आधारित गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को शारीरिक और मानसिक रूप से सक्रिय रहने के लिए प्रेरित किया गया। खेल प्रशिक्षकों के निर्देशन में बच्चों ने विभिन्न प्रस्तुतियां दीं।

कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक, प्रशिक्षक और विद्यार्थी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar