मंत्री ने 700 से अधिक छात्राओं के बीच किया साइकिल वितरण
देवघर, 09 जुलाई (हि.स.)। छात्राओं की शिक्षा को प्रोत्साहित करने और उन्हें विद्यालय आने-जाने में सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बुधवार को मधुपुर स्थित आंची देवी गर्ल्स मिडिल स्कूल में साइकिल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अल्पसंख्यक कल्याण एवं जल संसाधन मंत्री हफीजूल हसन ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत विद्यालय की 700 से अधिक छात्राओं के बीच साइकिलों का वितरण किया।
इस अवसर पर मंत्री हफीजूल हसन ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि दूर-दराज के क्षेत्रों से विद्यालय आने वाली छात्राओं को होने वाली कठिनाइयों को कम करने के लिए साइकिल वितरण योजना चलाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि साइकिल मिलने से छात्राओं का समय बचेगा, विद्यालय तक उनकी पहुंच आसान होगी और पढ़ाई बीच में छोड़ने की समस्या में भी कमी आएगी। बेटियां हमारे समाज की शक्ति हैं और उन्हें शिक्षित एवं सशक्त बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
साइकिल प्राप्त कर छात्राओं के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। विद्यालय प्रबंधन और अभिभावकों ने सरकार की इस जनकल्याणकारी योजना की सराहना की।
कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी, मधुपुर, जिला कल्याण पदाधिकारी, संबंधित प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ), अंचलाधिकारी (सीओ) सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मी, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित थींं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy