कारोबारी लव भाटिया की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, जांच में जुटी पुलिस

 


रांची, 21 मई ( हि.स.)। राजधानी रांची के बड़े कारोबारी लव भाटिया उर्फ अभिमन्यु की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। लव भाटिया गुरुवार की शाम काे लालपुर थाना क्षेत्र में बेसुध अवस्था में अपने कावेरीरेस्त्रां में पाए गए। इसके बाद उन्हें जल्दबाजी में लालपुर इलाके में स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने लव भाटिया को मृत घोषित कर दिया।

इस मामले की जानकारी मिलने के बाद लालपुर पुलिस जांच के लिए अस्पताल पहुंची।

बताया जा रहा है कि जहर की वजह से लव भाटिया की मौत हुई है। हालांकि इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है। क्योंकि लव भाटिया की मौत संदेहास्पद स्थिति में हुई है, इसलिए पुलिस ने शव को लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही लव भाटिया की मौत की असली वजह सामने आ पाएगी। रांची सिटी डीएसपी केवी रमण ने बताया कि लव भाटिया के शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजा गया है। इस मामले की जांच की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि भाटिया परिवार झारखंड का जाना माना कारोबारी परिवार है। भाटिया परिवार का राजधानी रांची में कावेरी रेस्त्रां की चेन है। वहीं रांची में ही कई होटलों का संचालन भी यह परिवार करता है।

17 साल पहले कुख्यात किडनैपिंग गिरोह चंदन सोनार के जरिये लव भाटिया का अपहरण कर लिया गया था। उस दौरान रांची पुलिस ने एनकाउंटर में कई अपराधियों को मार गिराया था और लव भाटिया को सुरक्षित अपहरणकर्ताओं के चंगुल से मुक्त करवाया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे