अतिक्रमणकारियों पर चला बुलडोजर, सड़क किनारे दुकानाें का निर्माण तोड़ा
रामगढ़, 01 अक्टूबर (हि.स.)। शहर में अतिक्रमणकारियों पर एक बार फिर प्रशासन का बुलडोजर चला है। त्योहारी सीजन से पहले रामगढ़ शहर को जाम से निजात दिलाने के लिए डीसी ऋतुराज के निर्देश पर बड़ी कार्रवाई हुई है। गुरुवार को सुभाष चौक पर छावनी परिषद के सीईओ विवेक सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी कृष्ण मुरारी तिर्की, रामगढ़ अंचल अधिकारी रमेश रविदास और छावनी परिषद के कर्मचारी सड़क पर उतरे। गुरुद्वारा रोड, शिवाजी रोड, लोहार टोला, रामगढ़ बस स्टैंड, ट्रेकर स्टैंड में सड़क किनारे फुटपाथ को अतिक्रमण कर लगने वाली सारी दुकानों को हटा दिया गया।
अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान जिन दुकानदारों ने अपनी दुकान के आगे अवैध तरीके से पक्की सीढ़ियां और चबूतरे बना रखे थे उन्हें भी जेसीबी से तोड़ दिया गया। जमीन के साथ-साथ दुकान के बाहर अवैध तरीके से लगाए गए बोर्ड, पोस्टर और बैनर को भी उखाड़ दिया गया। इस दौरान जिला प्रशासन ने व्यवसायियाें को साफ संदेश दिया कि फुटपाथ का अतिक्रमण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
यहां तक कि दुकानदार अपनी दुकान के सामने लगने वाले ठेले और खोमचे वाले को भी मना करें। अन्यथा उसका खामियाजा भी उन्हें भुगतना पड़ेगा। त्योहारों के मौसम में अगर लोग सड़कों पर ही गाड़ी लगाएंगे, तो उन्हें भी जुर्माना लगाया जाएगा। किसी भी स्तर पर प्रशासनिक अधिकारी रामगढ़ शहर की सड़कों को जाम से निजात दिलाना चाहते हैं। अगर आम नागरिकों का सहयोग नहीं होगा तो परेशानी सभी को होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश