ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार पर गोड्डा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन गिरफ्तार
गोड्डा, 03 सितंबर (हि.स.)। मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ गोड्डा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर कुल 20.39 ग्राम ब्राउन शुगर, 3,54,138 रुपये नकद, चार इलेक्ट्रॉनिक माप-तौल मशीन, लाइटर और मादक पदार्थ की पैकिंग में प्रयुक्त अन्य सामग्री बरामद की है। गिरफ्तार तीनों आरोपिताें को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक गोड्डा को मिली गुप्त सूचना के आधार पर 02 सितंबर को एसडीपीओ गोड्डा आकाश भारद्वाज के नेतृत्व में डेडिकेटेड एंटी-नारकोटिक्स टीम और गोड्डा नगर पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की।
पहली कार्रवाई गोड्डा नगर थाना क्षेत्र के सरकण्डा चौक में छोटु अंसारी उर्फ जुबैर अंसारी के घर पर की गई, जहां से 5.38 ग्राम ब्राउन शुगर और 2,000 रुपये नकद बरामद हुए। दूसरी छापेमारी हंसडीहा थाना क्षेत्र के बारीडीह गंगवारा गांव में प्रीतम कुमार आर्य उर्फ प्रीतम सोलर के घर पर हुई। यहां से 10.31 ग्राम ब्राउन शुगर और 59,500 रुपये नकद बरामद किए गए।
वहीं, तीसरी कार्रवाई हंसडीहा थाना क्षेत्र के पगवारा गांव में चन्दन कुमार उर्फ चन्दन डॉन के घर पर की गई। पुलिस ने यहां से 4.70 ग्राम ब्राउन शुगर और 2,92,638 रुपये नकद के अलावा मादक पदार्थ की बिक्री और पैकिंग में प्रयुक्त सामग्री बरामद की।
गोड्डा पुलिस ने बताया कि बरामद ब्राउन शुगर को एल्युमिनियम फॉयल में छोटी-छोटी पुड़िया के रूप में तैयार किया गया था। बरामद इलेक्ट्रॉनिक माप-तौल मशीन और पैकिंग सामग्री से मादक पदार्थ की बिक्री में इनके इस्तेमाल की आशंका जताई गई है।
गिरफ्तार आरोपितों में छोटु अंसारी उर्फ जुबैर अंसारी (25), प्रीतम कुमार आर्य उर्फ प्रीतम सोलर (32), और चन्दन कुमार उर्फ चन्दन डॉन (38 शामिल हैं।
पुलिस ने कहा कि मादक पदार्थों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस पॉलिसी’ के तहत अभियान जारी रहेगा। युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले तस्करों और गिरोहों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम लोगों से भी मादक पदार्थों के अवैध कारोबार की सूचना निकटतम थाना या गोड्डा पुलिस को देने की अपील की है। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखने की बात कही गई है।
छापेमारी टीम में एसडीपीओ आकाश भारद्वाज, पुलिस निरीक्षक दिनेश महली, गोड्डा नगर थाना प्रभारी शिवदयाल सिंह सहित गोड्डा नगर थाना और रिजर्व गार्ड के पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रंजीत कुमार