आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा ब्रिगेडियर पुरी पार्क
रामगढ़, 25 नवंबर (हि.स.)। शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों में शामिल ब्रिगेडियर पुरी पार्क को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कर आकर्षक मनोरंजन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में छावनी परिषद ने पहल तेज कर दी है। इसी क्रम में बुधवार को छावनी परिषद रामगढ़ के मुख्य अधिशासी अधिकारी ने पार्क का स्थल निरीक्षण किया।
इस दौरान पार्क के समग्र विकास, सौंदर्यीकरण और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा की गई।
निरीक्षण के दौरान पार्क में कई नई सुविधाएं विकसित करने की योजना पर विचार किया गया। इसके तहत बच्चों में वैज्ञानिक सोच और रचनात्मकता को बढ़ावा देने के लिए साइंस पार्क बनाने का प्रस्ताव है। वहीं, पार्क के सौंदर्य को निखारने के लिए आकर्षक फाउंटेन और आगंतुकों के बैठने व विश्राम के लिए गज़ीबो का निर्माण करने की योजना है।
इसके अलावा पार्क में मधुर संगीत के लिए म्यूजिकल स्पीकर सिस्टम, सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं सार्वजनिक आयोजनों के लिए ओपन एयर थिएटर तथा बच्चों और वयस्कों के लिए आधुनिक एवं सुरक्षित झूलों की व्यवस्था करने पर भी विचार किया गया।
मुख्य अधिशासी अधिकारी ने पार्क को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और अधिक जनोपयोगी बनाने के लिए जरूरी कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया। प्रस्तावित सुविधाओं के धरातल पर उतरने से ब्रिगेडियर पुरी पार्क शहरवासियों के लिए मनोरंजन के साथ-साथ स्वास्थ्य, ज्ञान और सांस्कृतिक गतिविधियों का भी महत्वपूर्ण केंद्र बन सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश