नवजात के लिए संपूर्ण एवं सर्वोत्तम आहार है माँ का दूध : शशि प्रकाश झा

 


रांची, 01 अगस्त (हि.स.)। विश्व स्तनपान सप्ताह (एक से सात अगस्त 2026) के अवसर पर शनिवार को सदर अस्पताल में राज्य स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान मातृ और शिशु स्वास्थ्य को बढ़ावा देने तथा स्तनपान के महत्व पर विशेष जोर दिया गया।

इस अवसर पर अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने कहा कि मां का दूध नवजात के लिए संपूर्ण एवं सर्वोत्तम आहार है। उन्होंने जन्म के पहले घंटे के भीतर शिशु को कोलोस्ट्रम (पहला गाढ़ा पीला दूध) पिलाने तथा छह माह तक केवल स्तनपान कराने की अपील की। उन्होंने बोतल से दूध पिलाने से बचने और स्वास्थ्यकर्मियों से माताओं की नियमित काउंसिलिंग सुनिश्चित करने को कहा।

स्वास्थ्य निदेशक डॉ. प्रभात कुमार ने कहा कि समय पर स्तनपान शुरू करने से नवजात मृत्यु दर घटती है तथा संक्रमण का खतरा कम होता है। उन्होंने माताओं के पोषण, सही लैचिंग और स्तनपान की सही विधि पर भी बल दिया। राज्य नोडल पदाधिकारी डॉ. विजय किशोर रजक और सिविल सर्जन डॉ. अमरेंद्र प्रसाद ने भी स्तनपान के स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी।

वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. सुनीता कात्यायन ने जीवन के पहले 1000 दिनों के महत्व पर प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में नुक्कड़ नाटक, एएनएम छात्राओं की क्विज प्रतियोगिता तथा इस वर्ष की थीम सतत जीवन के लिए स्तनपान जो प्रभावी है, उसे और मजबूत बनाएं पर जागरूकता अभियान चलाया गया। जिला कार्यक्रम प्रबंधक प्रवीण कुमार सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी पदाधिकारी सहित अन्य लोग मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar