चुटूपालू घाटी में ब्रेकफेल ट्रेलर दुर्घटनाग्रस्त, चालक घायल
रामगढ़, 28 अप्रैल (हि.स.)।
रांची-पटना मुख्यमार्ग अंतर्गत रामगढ़ के चुटूपालू घाटी में मंगलवार काे एक ट्रेलर का अचानक ब्रेकफेल हो गया। इससे ट्रेलर पूरी तरह से अनियंत्रित हो गया। हालांकि इस दौरान चालक ने घाटी में आगे-पीछे चल रहे कई छोटे-बड़े वाहनों को अपनी चपेट में लेने से बचा लिया।
जानकारी के अनुसार रांची की ओर से आ रहे मालवाहक ट्रेलर संख्या एचआर 58 ई 2383 के चालक ने घाटी में करीब दो किमी दूरी तक बचते-बचाते अंत में गंडके मोड़ के पास आगे चल रहे उसी ट्रांसपोर्ट कंपनी के ट्रेलर एचआर 58 ई 6736 को पीछे से जोरदार तरीके से टक्कर मार दिया।
घटना में ब्रेकफेल ट्रेलर का चालक गाड़ी के केबिन में बुरी तरह से दब गया। सूचना पाकर एनएचएआइ की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची व पुलिस-प्रशासन के सहयोग से केबिन में दबे चालक को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला और एनएचएआइ के एंबु़लेंस में लादकर इलाज के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल में भर्ती कराया। दुर्घटना के बाद कुछ देर के लिए सड़क पर जाम की स्थिति कायम हो गई। हालांकि पुलिस ने मौके पर ही दुर्घटनाग्रस्त वाहन काे वहां से हटवाकर यातायात सुचारू कराया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश