ब्रह्मर्षि परिषद रामगढ़ की वार्षिक आमसभा में नए पदाधिकारियों का हुआ चयन
रामगढ़, 09 अगस्त (हि.स.)। रामगढ़ शहर के बिजुलिया तालाब रोड स्थित अशेश्वर सिंह ब्रह्मर्षि धर्मशाला में रविवार को ब्रह्मर्षि परिषद रामगढ़ की वार्षिक आमसभा का आयोजन किया गया। आमसभा में परिषद के नए अध्यक्ष के चुनाव, संगठन के पुनर्गठन एवं धर्मशाला के सफल संचालन को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। आमसभा की अध्यक्षता निवर्तमान अध्यक्ष रविंद्र प्रसाद शर्मा व संचालन परिषद के संरक्षक डॉ संजय सिंह ने किया।
आमसभा के दौरान निवर्तमान अध्यक्ष रविंद्र प्रसाद शर्मा ने अपने कार्यकाल का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि उनका कार्यकाल काफी लंबा हो गया है, इसलिए अब परिषद को नई ऊर्जा और नेतृत्व देने के लिए नए अध्यक्ष का चुनाव किया जाना चाहिए। इसके बाद रविंद्र प्रसाद शर्मा ने अध्यक्ष पद के लिए अजय कुमार मिश्रा के नाम का प्रस्ताव रखा। आमसभा में उपस्थित सभी सदस्यों ने ध्वनि मत से प्रस्ताव का समर्थन करते हुए अजय कुमार मिश्रा को नया अध्यक्ष चुना।
निवर्तमान अध्यक्ष रविंद्र प्रसाद शर्मा ने अपने संबोधन के दौरान भावुक होते हुए कहा कि ब्रह्मर्षि समाज ने उन्हें जिस तरह प्रेम, स्नेह और सम्मान दिया है, उसे वह जीवनभर नहीं भूल पाएंगे। उन्होंने कहा कि परिषद और समाज के हित में कार्य करना उनके लिए सदैव गौरव की बात रही है। आमसभा में उपस्थित सदस्यों ने भी उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए धर्मशाला एवं समाज के विकास के लिए किए गए कार्यों की प्रशंसा की।
अध्यक्ष के चुनाव के बाद परिषद के अन्य पदाधिकारियों का भी चयन किया गया। नवल शर्मा ने सचिव पद के लिए दिवाकर सिंह के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे आमसभा ने ध्वनि मत से पारित कर दिया। इसके बाद निवर्तमान अध्यक्ष रविंद्र प्रसाद शर्मा ने कोषाध्यक्ष पद के लिए प्रसन्नजीत सिंह उर्फ मिशु के नाम का प्रस्ताव रखा। आमसभा में उपस्थित सदस्यों ने ध्वनि मत से प्रस्ताव का समर्थन किया। इस प्रकार अजय कुमार मिश्रा को अध्यक्ष, दिवाकर सिंह को सचिव तथा प्रसन्नजीत सिंह ‘मिशु’ कोषाध्यक्ष चुना गया।
वार्षिक आमसभा में ब्रह्मर्षि परिषद के विस्तार एवं संगठन के पुनर्गठन को लेकर भी सदस्यों ने अपने विचार रखे। इसके अलावा अशेश्वर सिंह ब्रह्मर्षि धर्मशाला के सफल संचालन के लिए समिति के गठन तथा धर्मशाला के विकास को लेकर भी चर्चा की गई। सदस्यों ने परिषद को और मजबूत बनाने तथा समाज के सभी लोगों को साथ लेकर चलने पर जोर दिया।
परिषद के संरक्षक आरवी ठाकुर, सीपी संतन, बीएन सिंह, मुकुंद तिवारी एवं रंजीत पांडे सहित अन्य सदस्यों ने निवर्तमान अध्यक्ष रविंद्र प्रसाद शर्मा के कार्यकाल की सराहना की। उन्होंने कहा कि रविंद्र प्रसाद शर्मा ने अपने कार्यकाल में धर्मशाला एवं परिषद के विकास के लिए सराहनीय कार्य किया है। साथ ही नवनिर्वाचित अध्यक्ष अजय कुमार मिश्रा से भी उम्मीद जताई कि वे आगे भी इसी तरह धर्मशाला और समाज के विकास के लिए कार्य करते रहेंगे।
आमसभा में सदस्यों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष अजय कुमार मिश्रा को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में ब्रह्मर्षि परिषद रामगढ़ को नई दिशा मिलेगी। परिषद के विस्तार, संगठन की मजबूती और धर्मशाला के विकास को प्राथमिकता देने की उम्मीद जताई गई। कार्यक्रम के अंत में निवर्तमान कोषाध्यक्ष विभन सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन दिया।
आमसभा में भू-दाता परिवार के अनमोल सिंह, ओम प्रकाश सिंह, जय नंदन शर्मा, जीएस राय, नवल किशोर शर्मा, संत सिंह, अशोक सिंह, सुरेंद्र शर्मा, मनोज राय, रामसेवन शर्मा, शैलेश कुमार चौधरी, वीरेंद्र झा, सत्येंद्र सिंह, नित्यानंद, अंजन सिंह, पंकज सिंह, दिनेश कुमार, आनंद कुमार, गौरव प्रधान, प्रदीप सिंह, परमानंद सिंह, वृंदावन सिंह, शालिग्राम सिंह, लोकेश सिंह सहित अन्य उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश