मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन को ब्रह्माकुमारी बहनों ने बांधी राखी, दिया सद्भावना का संदेश

 




रांची, 07 अगस्त (हि.स.)। झारखंड विधानसभा स्थित मुख्यमंत्री कक्ष में शुक्रवार को मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की निदेशक ब्रह्माकुमारी निर्मला, सहयोगी इंदु साबू, प्रदीप कुमार एवं सुनैना कुमारी ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी निर्मला ने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन को रक्षासूत्र (राखी) बांधकर उन्हें शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने सावन मास एवं रक्षाबंधन के आध्यात्मिक और सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए पवित्रता, प्रेम, भाईचारे, सद्भावना एवं मानवीय मूल्यों को जीवन में आत्मसात करने का संदेश दिया। साथ ही राज्य की सुख-समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण के लिए मंगलकामनाएं व्यक्त कीं।

इस मौके पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने ब्रह्माकुमारी प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए शुभकामनाओं के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने समाज में नैतिक एवं आध्यात्मिक मूल्यों के संवर्धन तथा सकारात्मक जीवन मूल्यों के प्रसार के लिए ब्रह्माकुमारी संस्थान की ओर से किए जा रहे कार्यों की सराहना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे