डोरंडा में बोन थेरेपी एवं एक्यूप्रेशर चिकित्सा सेवा शुरू
रांची, 01 अगस्त (हि.स.)। श्री राम भरत मिलाप समिति, डोरंडा बाजार स्थित कार्यालय में शनिवार को बोन थेरेपी एवं एक्यूप्रेशर चिकित्सा सेवा का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष रोहित शारदा ने की।
इस अवसर पर रोहित शारदा ने कहा कि भारतीय पारंपरिक चिकित्सा पद्धति में बोन थेरेपी और एक्यूप्रेशर का लंबे समय से उपयोग होता आ रहा है। समिति का उद्देश्य क्षेत्र के लोगों को सहज, सुलभ और किफायती स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराना है।
उन्होंने बताया कि यह सेवा प्रत्येक शुक्रवार और शनिवार को अपराह्न तीन बजे से शाम पांच बजे तक तथा रविवार को सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक समिति कार्यालय में उपलब्ध रहेगी। उन्होंने लोगों से इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
चिकित्सा सेवा का संचालन गौतम राठी की देखरेख में किया जाएगा। इस मौके पर बोन थेरेपी एवं एक्यूप्रेशर विशेषज्ञ उमेश प्रसाद गुप्ता और गौरीशंकर का स्वागत किया गया। समिति ने बताया कि दोनों विशेषज्ञ आगे भी नियमित रूप से अपनी सेवाएं देंगे।
कार्यक्रम का संचालन समिति की महामंत्री नम्रता सोनी ने, जबकि धन्यवाद ज्ञापन कोषाध्यक्ष पुरुषोत्तम दास ने किया।
समारोह में समिति के संरक्षक बी.के. विजय, सरदार अशोक सिंह, श्री शिव मंदिर–महावीर मंदिर न्याय समिति के सचिव हरिप्रसाद विजयवर्गीय, मारवाड़ी युवा मंच रांची दक्षिण जागृति महिला शाखा की पूर्व अध्यक्ष बीना शारदा, न्यू काली पूजा समिति के अध्यक्ष शंभू गुप्ता, राजेंद्र सिंह राजू, राजेंद्र प्रसाद गुप्ता, महेश विजय, श्रीरामचंद्र अग्रवाल, प्रिंस पांडे सहित समिति के पदाधिकारी, सदस्य और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar