झारखंड के बाेकाराे में सबसे अधिक 43 मिली मीटर बारिश दर्ज, 20 को ऑरेंज अलर्ट

 


रांची, 19 मार्च (हि.स.)। इन दिनों राजधानी रांची सहित राज्य के विभिन्न जिलों में बादल, बारिश और ओलावृष्टि हो रही है। पिछले 24 घंटों के दौरान बोकारो जिले के नावाडीह में सबसे अधिक 43 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई। इस दौरान राज्य के अन्य इलाकों में जहां बारिश दर्ज की गई उनमें पालगंज में 16.4 मिलीमीटर, बोकारो में 11 मिलीमीटर, मोहनपुर में 10.8, कोनार में 8.2, डुमरी में 6.4, नांदडीह में 6.2 बगोदर में 5.2 मिमी सहित अन्य इलाके शामिल हैं।

मौसम विभाग ने गुरुवार और शुक्रवार को राज्य भर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान राज्य के अधिकांश जिलों में गर्जन के साथ बारिश, वज्रपात होने और ओलावृष्टि होने की संभावना है।

शुक्रवार को राज्य के उत्तर पूर्वी और इससे सटे मध्यवर्ती जिलों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की संभावना है, जबकि राज्य के दक्षिणी पश्चिमी और मध्यवर्ती जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है।

मौसम विभाग ने शनिवार के लिए भी राज्य के कई स्थानों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान राज्य के हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है।

इधर, पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस डाल्टनगंज में और सबसे कम तापमान 17.6 डिग्री लातेहार में रिकॉर्ड किया गया।

वहीं गुरुवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से मौसम साफ रहा, लेकिन दोपहर बाद आसमान में आंशिक बादल छाए रहे। इससे दिन में धूप से कम गर्मी महसूस हुई।

वहीं, गुरुवार को रांची में अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री और न्यूनतम 20.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम 36.6 डिग्री और न्यूनतम 23.2 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 37.8 और न्यूनतम 21.3 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 33.1 डिग्री और न्यूनतम 19.2 डिग्री एवं चाईबासा में अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak