अवैध बिजली-पानी कनेक्शन हटाने पहुंची बीएसएल टीम का विरोध, होमगार्ड जवान घायल

 




बोकारो, 22 मई (हि.स.)। बोकारो स्टील प्लांट के टाउन एंड एडमिनिस्ट्रेशन विभाग ने शुक्रवार को अवैध बिजली और पानी कनेक्शन के खिलाफ अभियान चलाया। यह कार्रवाई बोकारो निवास के पीछे स्थित बस्ती क्षेत्र में की गई।

अभियान के दौरान स्थानीय लोगों के विरोध और झड़प में एक होमगार्ड जवान घायल हो गया। घायल जवान को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

विभागीय अधिकारियों के अनुसार, बस्ती क्षेत्र में पिछले करीब 10 वर्षों से अवैध रूप से बिजली और पानी का उपयोग किया जा रहा था। कई बार चेतावनी देने और समझाने के बावजूद लोग अवैध कनेक्शन हटाने को तैयार नहीं हुए। अधिकारियों ने बताया कि लगभग 25 घरों में अवैध बिजली कनेक्शन के जरिए लाइट, पंखा सहित अन्य उपकरण चलाए जा रहे थे, जिससे टाउनशिप क्षेत्र में बिजली पर अतिरिक्त लोड बढ़ रहा था।

इसके अलावा कई घरों में पानी की अवैध पाइपलाइन भी बिछाई गई थी, जिससे जलापूर्ति व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। अभियान के दौरान बीएसएल के सुरक्षाकर्मी और होमगार्ड जवान संयुक्त टीम के साथ मौजूद थे। टीम ने बस्ती में पहुंचकर अवैध बिजली के तार काटे और पानी की पाइपलाइन हटाई।

कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में अवैध कनेक्शन तोड़े गए। इसी बीच कुछ स्थानीय लोगों ने कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। विरोध के दौरान कहासुनी धक्का-मुक्की और हाथापाई में बदल गई, जिसमें एक होमगार्ड जवान घायल हो गया।

बीएसएल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि टाउनशिप क्षेत्र में अवैध बिजली और पानी कनेक्शन के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा। अधिकारियों ने लोगों से वैध तरीके से कनेक्शन लेने और नियमों का पालन करने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल कुमार