पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर बोकारो सीमा सील

 






बोकारो, 22 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर जिले में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद कर दी गई है। चुनाव आयोग के निर्देश पर उपायुक्त अजय नाथ झा के आदेश से बोकारो से सटे सभी अंतरराज्यीय सीमाओं को सील कर दिया गया है। चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।

इसी क्रम में बुधवार शाम उपायुक्त अजय नाथ झा एवं पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना ने चंदनकियारी प्रखंड अंतर्गत इंटर स्टेट चेकनाका विरखम और मुर्गातल का निरीक्षण किया।

इस दौरान दोनों अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए तैनात दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डीसी और एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि अंतरराज्यीय सीमा को पूरी तरह सील रखा जाए और किसी भी स्थिति में अवांछित तत्वों की आवाजाही न होने दी जाए। मुख्य मार्गों के साथ-साथ वैकल्पिक रास्तों, छोटी सड़कों और पगडंडियों पर भी कड़ी निगरानी रखने को कहा गया है।

अधिकारियों ने चेकनाका पर तैनात कर्मियों को सभी छोटे-बड़े वाहनों की सघन जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपत्तिजनक सामग्री मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया। साथ ही सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग करने और निर्वाचन आयोग के निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

जिले के चास, कसमार और चंदनकियारी प्रखंड सहित सभी सीमावर्ती इलाकों में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। अंतर जिला सीमाओं पर भी चौकसी बढ़ा दी गई है, जहां सुरक्षा बल लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।

उपायुक्त ने कहा कि जहां मतदाताओं की सुविधा का पूरा ध्यान रखा जा रहा है, वहीं असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखते हुए उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने दोहराया कि शांतिपूर्ण चुनाव कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, एसडीपीओ चास प्रवीण कुमार सहित कई प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल कुमार