तुपुदाना के ब्लू पौंड में डूबे युवक का शव बरामद
रांची, 23 अगस्त (हि.स.)। तुपुदाना थाना क्षेत्र के बालसिरिंग स्थित ब्लू पौंड में डूबे युवक साहिल कच्छप का शव रविवार को बरामद कर लिया गया। शनिवार को युवक के पानी में डूबने की सूचना के बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की थी।
घटना की जानकारी मिलने पर तुपुदाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों और गोताखोरों की मदद से काफी देर तक युवक को खोजने का प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली। घटनास्थल से युवक की मोटरसाइकिल, चाबी और चप्पल भी बरामद की गई थी।
रविवार को युवक की तलाश के लिए एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। टीम ने ब्लू पौंड में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और काफी मशक्कत के बाद पानी के अंदर से युवक का शव बाहर निकाला।
शव मिलने के बाद पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे