रांची के बड़ा तालाब में मिला तीन दिनों से लापता 70 वर्षीय व्यक्ति का शव

 


रांची, 18 नवंबर (हि.स.)। रांची के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित बड़ा तालाब से बुधवार सुबह एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान ग्वाला टोली निवासी 70 वर्षीय शाहिद अख्तर गद्दी के रूप में हुई है। वह शहर के बिल्डर साहब अली के भाई थे।

परिजनों के अनुसार, शाहिद अख्तर पिछले तीन दिनों से लापता थे। परिजनों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद अनहोनी की आशंका को देखते हुए हिंदपीढ़ी थाना पुलिस को उनकी गुमशुदगी की सूचना दी गई थी।

इसी बीच बुधवार सुबह स्थानीय लोगों ने बड़ा तालाब में एक शव देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को तालाब से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे