एसआईआर में लोगों को जारी नोटिस मामले पर बीएलओ, घर जाकर जुटाएंगे दस्तावेज

 


रांची, 01 अक्टूबर (हि.स.)। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) 2026 को लेकर रांची समाहरणालय में गुरुवार को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में हुई।

इस अवसर पर उपायुक्त ने स्पष्ट तौर पर बीएलओ को एसआईआर की मैपिंग-एनामलीज पर लोगों को जारी नोटिस मामले पर घर जाकर दस्तावेज लेकर ऑनलाईन कराने की बातें कही। उपायुक्त ने सभी ईआरओ-एईआरओ को एसआईआर प्रक्रिया में बीएलओ अनुशासन के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अनुशासनहीनता करने वाले बीएलओ पर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी बीएलओ को संबंधित बीएलए-2 के साथ समन्वय कर कार्य करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में विशेष रूप से एसआईआर के दौरान मैपिंग और एनामलीज के कारण नोटिस प्राप्त करने वाले लोगों को मतदाताओं के मामलों पर चर्चा हुई। बताया गया कि ऐसे मतदाताओं को आवश्यक दस्तावेज जमा करने के लिए निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ईआरओ) या सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (एईआरओ) के कार्यालय में बुलाने की आवश्यकता नहीं होगी, बल्कि निर्देश के अनुसार संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) नोटिस प्राप्त करने वाले मतदाता के घर जाकर आवश्यक दस्तावेज एकत्र करेंगे। इसके बाद दस्तावेजों को ईसीनेट-बीएलओ एप पर अपलोड किया जाएगा, ताकि संबंधित ईआरओ-एईआरओ उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर मामले में निर्णय ले सकें। चुनाव आयोग के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर एसआईआर से जुड़े नोटिस के विरुद्ध दस्तावेज जमा करने की सुविधा भी उपलब्ध है।

बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से आम नागरिकों को नोटिस मिलने के बाद आवश्यक दस्तावेज जमा करने के लिए भारत निर्वाचन आयोग के आधिकारिक मतदाता पोर्टल डब्लू डब्लू डब्लू डॉट वोटर्स डॉट ईसीआई डॉट जीओवी डॉट इन का उपयोग करने के लिए जागरूक करने की अपील की गई। इस संबंध में विभागीय वीडियो के माध्यम से भी प्रक्रिया की जानकारी दी गई।

अधिकारियों ने बताया कि केवल असाधारण परिस्थितियों में ईआरओ-एईआरओ संबंधित व्यक्ति की ऑनलाइन सुनवाई कर सकते हैं। आवश्यकता होने पर मतदाता अपने परिवार के किसी वयस्क सदस्य को सुनवाई के लिए अधिकृत कर सकता है।

मौके पर एसआईआर से संबंधित भारत निर्वाचन आयोग के संशोधित दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी भी दी गई। निर्वाचन प्रक्रिया में बीएलओ के लिए अलग मोबाइल एप और एसआईआर के लिए ऑनलाइन सेवाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

बैठक में जिला उपनिर्वाचन पदाधिकारी बिवेक कुमार सुमन, जिला अंतर्गत सभी विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक निबंधक पदाधिकारी, प्रशिक्षु आईएएस आस्था शरण सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar