एसआईआर की समीक्षा बैठक में बीएलओ और सुपरवाइजर को समन्वय बनाने का निर्देश

 


रांची, 03 जून (हि.स.)। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त रांची मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर बुधवार को विशेष समाहरणालय में गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा की गई।

इसके तहत जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में समन्वय बैठक आयोजित की गई। निर्वाची निबंधन पदाधिकारियों एवं सहायक निर्वाची निबंधन पदाधिकारियों ने बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर, बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) एवं बीएलए-2 के साथ विशेष गहन पुनरीक्षण से जुड़े कार्यों की समीक्षा की। अधिकारियों ने कहा कि एसआईआर को लेकर सभी बीएलओ, सुपरवाइजर-बीएलए-टू सहित अन्य कर्मी आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें।

बैठक में पात्र मतदाताओं की मैपिंग की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने निर्देश दिया कि सभी बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर, बीएलए और बीएलए-2 आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें। अनमैप्ड मतदाताओं की पहचान कर उनकी मैपिंग में तेजी लाएं, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से छूटने न पाए। बैठक में मतदाताओं को घोषणा-पत्र, गणना-पत्र और निर्वाचन आयोग से स्वीकृत 11 प्रकार के दस्तावेजों की जानकारी स्पष्ट रूप से उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया गया।

साथ ही बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर, बीएलए एवं बीएलए-2 को विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के प्रति मतदाताओं को जागरूक करने और आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में जानकारी देने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने को कहा गया। अधिकारियों ने कहा कि सभी पात्र मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करना ही इस अभियान की सफलता का मुख्य उद्देश्य है।

अधिकारियों ने कहा कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर मतदाता सत्यापन और ऑनलाइन मैपिंग की प्रक्रिया प्रभावी, पारदर्शी और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न होनी चाहिए। इसके लिए सभी संबंधित कर्मियों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।

बैठक में कई अधिकारी पदाधिकारी कर्मी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar