रक्तदान सामाजिक जिम्मेदारी : डॉ. एसएन चौधरी

 


लोहरदगा, 05 अप्रैल (हि.स.)। वोलेंटरी ब्लड डोनर्स एसोसिएशन और इमरजेंसी केयर के संयुक्त तत्वावधान में नगर भवन में सुरक्षित रक्तदान को लेकर आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय प्रशिक्षण सह जागरूकता कार्यक्रम का रविवार को समापन हुआ।सम्मान समारोह एवं जागरूकता कार्यक्रम के दूसरे दिन मुख्य अतिथि के रूप में रांची के प्रसिद्ध ऑर्थो सर्जन डॉ. विशाल, गुमला के सिविल सर्जन डॉ. शंभू नाथ चौधरी, प्रसिद्ध व्यवसायी विवेक अग्रवाल सहित कई गणमान्य लोग शामिल हुए।

मौके पर गुमला के सिविल सर्जन डॉ. शंभू नाथ चौधरी ने कहा कि रक्तदान सामाजिक जिम्मेदारी है। आज प्रतिदिन मरीजों को जितनी रक्त की आवश्यकता होती है, हम उतना उपलब्ध नहीं करा पाते हैं। ऐसे में नियमित रक्तदान अत्यंत आवश्यक हो जाता है। उन्होंने कहा कि हमें ऐसी स्थिति बनने ही नहीं देनी चाहिए कि किसी को रक्त के लिए परेशान होना पड़े। रांची के ऑर्थो सर्जन डॉ. विशाल ने कहा कि रक्तदाता समूह एक स्वस्थ समाज की आवश्यकता है। हमें अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़कर दूसरों की मदद करनी चाहिए। रक्तदान से बढ़कर कोई मानवीय कार्य नहीं है।

व्यवसायी विवेक अग्रवाल ने कहा कि रक्तदान के क्षेत्र में इमरजेंसी केयर ने सराहनीय कार्य किया है और आगे भी टीम भावना से कार्य करने की जरूरत है। कार्यक्रम में रक्तदान के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले रक्तदाताओं को सम्मानित किया गया। इसके अलावा निजी अस्पताल संचालकों, रक्तदान से जुड़े संस्थाओं के सदस्यों एवं इमरजेंसी केयर के सक्रिय कार्यकर्ताओं को मोमेंटो और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इससे पूर्व कार्यक्रम में सभी अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया। कार्यक्रम में ब्लड बैंक, पैथोलॉजी, अस्पताल एवं स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े चिकित्सक, झारखंड के विभिन्न जिलों सहित बिहार, ओडिशा, दिल्ली और पश्चिम बंगाल से आए प्रतिनिधि शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोपी कृष्ण कुँवर