सदर अस्पताल में रक्तदान शिविर में 55 यूनिट रक्त संग्रहित
रामगढ़, 25 जून (हि.स.)। डीसी ऋतुराज के दिशा-निर्देशानुसार जिला प्रशासन के तत्वाधान में गुरुवार सदर अस्पताल परिसर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।
झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी के सहयोग से आयोजित इस शिविर में जेएसएलपीएस की दीदियों, युवाओं, समाजसेविओं और स्थानीय नागरिकों ने अत्यंत बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
इस मानवीय कार्य के दौरान कुल 55 जागरूक नागरिकों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर अपना बहुमूल्य योगदान दिया।
शिविर में विशेष रूप से सम्मिलित हुईं जेएसएलपीएस की दीदियों ने न केवल स्वयं आगे आकर रक्तदान किया, बल्कि समाज की अन्य महिलाओं और युवाओं के बीच इस जीवन रक्षक अभियान के प्रति व्यापक जागरूकता फैलाने का भी संदेश दिया।
इस सफल आयोजन पर डीसी ऋतुराज ने सभी रक्तदाताओं और जेएसएलपीएस की दीदियों के प्रति आभार प्रकट किया। उन्होंने आम जनमानस से अपील करते हुए कहा रक्तदान एक अत्यंत पवित्र और जीवन रक्षक कार्य है।
आपका रक्त किसी गंभीर मरीज, दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति या थैलेसीमिया पीड़ित बच्चे को नया जीवन दे सकता है। जिला प्रशासन का निरंतर प्रयास है कि जिले के ब्लड बैंक में कभी भी रक्त की कमी न हो।
इसके लिए आवश्यक है कि समाज का हर वर्ग, विशेषकर हमारी महिला शक्ति और युवा, स्वैच्छिक रक्तदान हेतु सदैव तत्पर रहें।
शिविर का निरीक्षण करने पहुंचे डीडीसी आशीष अग्रवाल ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान न केवल दूसरों की जान बचाता है, बल्कि यह स्वयं रक्तदाता के स्वास्थ्य के लिए भी बेहद लाभकारी है। यह शरीर में नई ऊर्जा और कोशिकाओं के निर्माण में सहायक होता है। जिला प्रशासन की ओर से आयोजित इस मुहिम में युवाओं और महिलाओं की यह सक्रिय भागीदारी अत्यंत सराहनीय है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश