खून की उपलब्धता के लिए बुनियादी ढांचा को करना होगा ठीक : डीडीसी
लोहरदगा, 04 अप्रैल (हि.स.)। उप विकास आयुक्त (डीडीसी) दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने कहा कि ब्लड बैंकों में रक्त की उपलब्धता हमेशा होनी चाहिए। इसके लिए समय-समय पर रक्तदान शिविर आयोजित किया जाना चाहिए ताकि किसी भी जरूरतमंद को खून समय पर मिल सके। यह बातें उप विकास आयुक्त ने शनिवार को नगर भवन लोहरदगा में आयोजित वोलेंट्री ब्लड डोनेशन एसोसिएशन की ओर से आयोजित राज्यस्तरीय कॉन्फ्रेंस में कही।
उप विकास आयुक्त ने कहा कि वीबीडीए और इमरजेंसी केयर ने काफी लंबे समय से रक्तदान के क्षेत्र में लोगों को प्रेरित किया
है। कई लोगों के जान बचाई गई। उन्होंने कहा कि जब किसी व्यक्ति या परिवार को इमरजेंसी स्थिति में खून की जरूरत होती है तो खून नहीं मिलने की पीड़ा वही परिवार समझ सकता है। उन्होंने कहा कि हमेशा ब्लड बैंकों में खून की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए बुनियादी ढांचा को हमें ठीक करना होगा। उन्होंने प्रत्येक जिले के अंदर एक ब्लड बैंक की स्थापना पर बल दिया।
उन्होंने कहा कि स्थानीय जगह से ब्लड उपलब्ध होना चाहिए, जिससे लोगो को इधर उधर भटकना न पड़े। उप विकास आयुक्त ने सभी पदाधिकारियों व कर्मियों से ब्लड डोनेशन कैम्प में रक्तदान का आग्रह किया। साथ ही एसोसिएशन को इन रक्तदान शिविर को प्रखंड व जिला स्तर पर भी आयोजित करने का निर्देश दिया ताकि लोग प्रेरित हों।
कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ शंभूनाथ चौधरी ने कहा कि रक्तदान को एक अभियान बनाने की जरूरत है। जागरूकता कार्यक्रम -सह-रक्तदान शिविर का समापन रविवार को होगा।
कार्यक्रम में विशेषज्ञ ने स्वास्थ्य प्रतिनिधियों को आवश्यक प्रशिक्षण दिया। कार्यक्रम में आइटीडीए परियोजना निदेशक सुषमा नीलम सोरेंग, ब्लड बैंक, पैथोलॉजी, अस्पताल से जुड़े हुए लोग, स्वास्थ्य के क्षेत्र से जुड़े हुए लोग, चिकित्सक, झारखंड के लगभग सभी जिलों से प्रतिनिधि, बिहार, ओडिशा, दिल्ली और पश्चिम बंगाल से भी प्रतिनिधि शामिल थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोपी कृष्ण कुँवर