एसआईआर के लिए बीएलओ को मिली ट्रेनिंग
रामगढ़, 01 अप्रैल (हि.स.)। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत बुधवार को बीएलओ को स्टीकर मैपिंग से संबंधित प्रशिक्षण उप निर्वाचन पदाधिकारी रविंद्र कुमार गुप्ता ने दिया। गांधी स्मारक प्लस टू उच्च विद्यालय में प्रशिक्षण हुआ। प्रशिक्षण के दौरान रामगढ़ के 134 बूथों और चितरपुर के 68 बूथों से जुड़े बीएलओ उपस्थित थेे।
प्रशिक्षण सत्र में उपस्थित अधिकारियों ने बीएलओ को स्टीकर मैपिंग की प्रक्रिया, उसके महत्व और कार्यान्वयन के विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही उन्हें बताया गया कि किस प्रकार सटीक और व्यवस्थित तरीके से स्टीकर मैपिंग कार्य को पूरा किया जाए, ताकि निर्वाचन संबंधी कार्यों में पारदर्शिता एवं सुगमता सुनिश्चित की जा सके।
इस दौरान बीएलओ को अपने दायित्वों का निर्वहन गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ करने का निर्देश दिया गया। प्रशिक्षण में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया और अपने-अपने क्षेत्र में कार्य को प्रभावी ढंग से लागू करने का संकल्प लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश