जेपीएससी घेराव आंदोलन में शामिल हुए भाजयुमो कार्यकर्ता

 


रामगढ़, 22 जुलाई (हि.स.)। झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता और अभ्यर्थियों के हितों को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने अपनी सक्रियता तेज कर दी है। रांची में आयोजित जेपीएससी घेराव आंदोलन में रामगढ़ के कार्यकर्ता भी शामिल हुए।

बुधवार को रामगढ़ से बड़ी संख्या में भाजयुमो कार्यकर्ता और प्रतियोगी छात्र रांची पहुंचे। इस जत्थे का नेतृत्व भाजयुमो नेता गौतम कुमार महतो ने किया। कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर युवाओं के अधिकारों की रक्षा और निष्पक्ष एवं पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया की मांग को लेकर अपना समर्थन व्यक्त किया। कार्यकर्ताओं में आंदोलन को लेकर विशेष उत्साह देखा गया और उन्होंने लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करने का संकल्प दोहराया।

भाजयुमो नेता गौतम कुमार महतो ने कहा कि झारखंड के लाखों युवा वर्षों तक कठिन परिश्रम कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। ऐसे में यदि परीक्षा प्रक्रिया पर किसी प्रकार का संदेह या अनियमितता के आरोप लगते हैं, तो सरकार की जिम्मेदारी है कि उनकी निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं है। भारतीय जनता युवा मोर्चा हमेशा युवाओं की आवाज को मजबूती से उठाता रहा है और आगे भी अभ्यर्थियों को न्याय दिलाने के लिए लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से संघर्ष करता रहेगा। रांची प्रस्थान से पहले कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध होनी चाहिए।

उनका कहना था कि यदि युवाओं की जायज मांगों की अनदेखी की गई तो आंदोलन को और व्यापक स्वरूप दिया जाएगा।

कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रांची जानेवाले कार्यकर्ताओं में गौतम कुमार महतो के नेतृत्व में राहुल रजक, वीरेंद्र, पिंटू, अंकित, अभय, प्रभाकर, अनुज, सुभाष, रंजन, बिपुल, बंटी, सोनू, महेंद्र, सनी सहित अन्य मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश