विधायक भूषण बाड़ा पर लगे आरोपों की हो निष्पक्ष जांच, पत्रकार को मिले न्याय : शशांक राज
रांची, 28 नवंबर (हि.स.)। पत्रकार अभिषेक भारती की रिहाई की मांग को लेकर और झारखंड की बिगड़ती कानून-व्यवस्था, महिलाओं एवं आदिवासी बेटियों की सुरक्षा, प्रशासनिक अराजकता के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने लोकभवन के समीप नागाबाबा खटाल के पास एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन किया।
पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी एवं पुलिस द्वारा कथित प्रताड़ना तथा विधायक भूषण बाड़ा पर पॉक्सो जैसे गंभीर आरोपों के बावजूद कार्रवाई नहीं होने के विरोध में आयोजित इस कार्यक्रम में सैकड़ों युवा कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
धरना स्थल पर कार्यकर्ताओं ने हेमंत सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और पत्रकार अभिषेक भारती को न्याय दिलाने, महिलाओं एवं आदिवासी बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा विधायक भूषण बाड़ा के मामले में निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की। युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज ने कहा कि हेमंत सरकार झारखंड को अपराध और कुशासन की प्रयोगशाला बना चुकी है ।
भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज ने कहा कि हेमंत सरकार में झारखंड की कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं, महिलाएं अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं और आम जनता न्याय के लिए परेशान है।
पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी एवं उनके साथ कथित अमानवीय व्यवहार लोकतांत्रिक व्यवस्था और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
उन्होंने कहा कि विधायक भूषण बाड़ा पर लगे गंभीर आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। कानून सबके लिए समान है और कोई भी व्यक्ति राजनीतिक पद की आड़ में कानून से ऊपर नहीं हो सकता।
एनसीआरबी के आंकड़े भी राज्य में महिलाओं के खिलाफ अपराध की गंभीर स्थिति को उजागर करते हैं। सरकार को बयानबाजी के बजाय जवाबदेही और ठोस कार्रवाई दिखानी चाहिए।
शशांक राज ने चेतावनी दी कि भाजयुमो पत्रकारों के उत्पीड़न, महिला सुरक्षा, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर चुप नहीं बैठेगा। सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ पूरे प्रदेश में चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा।
युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष रोमित नारायण सिंह ने कहा कि जनता के सवालों से सरकार भाग रही। सिंह ने कहा कि झारखंड में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और कानून-व्यवस्था सहित हर मोर्चे पर सरकार विफल साबित हो रही है।
आदिवासी बेटियों की सुरक्षा, युवाओं का भविष्य और पत्रकारों की स्वतंत्रता आज गंभीर सवालों के घेरे में है। सत्ता पक्ष के जनप्रतिनिधियों पर गंभीर आरोप लगने के बावजूद कार्रवाई में देरी सरकार की दोहरी नीति को उजागर करती है।
उन्होंने कहा कि पत्रकार अभिषेक भारती का मामला अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता से जुड़ा है। भाजयुमो न्याय और जवाबदेही की लड़ाई को गांव से लेकर राजधानी तक ले जाएगा।
प्रदेश प्रवक्ता अशोक बड़ाईक, प्रतुल शाहदेव एवं अजय साह ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ हैं। पत्रकार अभिषेक भारती ने एक नाबालिग आदिवासी बच्ची की पीड़ा को सामने लाकर उसे न्याय दिलाने की आवाज उठाई, लेकिन आरोप है कि सत्ता के संरक्षण में संबंधित विधायक पर कार्रवाई करने के बजाय अभिषेक भारती को जेल भेजकर थर्ड डिग्री देकर शारीरिक प्रताड़ना दी गई।
उन्होंने मांग की कि यदि विधायक स्वयं को निर्दोष मानते हैं तो निष्पक्ष जांच के तहत नार्को टेस्ट के लिए सहमति दें। भाजपाइयों ने अभिषेक भारती की तत्काल रिहाई, विधायक के नार्को टेस्ट और पीड़ित नाबालिग आदिवासी बच्ची को न्याय दिलाने की मांग करते हुए कहा कि न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा।
धरना-प्रदर्शन में मुख्य रूप से अशोक बड़ाईक, अजय साह, प्रतुल सहदेव, रमेश सिंह, मुंचुन राय, ललित ओझा, राहुल चौधरी, अमित साहू, पूजा सिंह, सतीश सिंह, बबन बैठा, संजय महतो, रंजीत सहदेव सहित सैकड़ों युवा मोर्चा के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे