पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी के विरोध में भाजयुमो का प्रदर्शन
चतरा, 28 नवंबर (हि.स.)।
पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को जिलाध्यक्ष सुमन सौरभ तिवारी के नेतृत्व में कचहरी चौक पर विरोध-प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने पत्रकार की गिरफ्तारी की परिस्थितियों की निष्पक्ष जांच कराने और पत्रकारिता की स्वतंत्रता की रक्षा करने की मांग उठाई। अभिषेक भारती ने सिमडेगा के कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा से जुड़े कथित यौन उत्पीड़न प्रकरण को लेकर खबर प्रसारित की थी। इसके बाद अपहरण के मामले में उनकी गिरफ्तारी हुई। भाजयुमो नेताओं ने आरोप लगाया कि पत्रकार के खिलाफ कार्रवाई राजनीतिक दबाव में की गई है।
उन्होंने हिरासत में मारपीट और मानवाधिकारों के उल्लंघन का भी आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारिता की महत्वपूर्ण भूमिका है। पत्रकार समाज की आवाज बनकर जनहित के मुद्दों को सामने लाते हैं। ऐसे में पत्रकारों की स्वतंत्रता और अभिव्यक्ति के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित होनी चाहिए। कार्यक्रम का संचालन जितेंद्र पांडेय ने किया।
मौके पर प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अशोक शर्मा, प्रदीप सिंह, नवीन शाह, जिला उपाध्यक्ष मिथिलेश गुप्ता, विद्यासागर आर्य, जिला महामंत्री कपिल पासवान, भाजपा जिला मंत्री शिवकुमार चौबे, चंपा साबरी, जिला मीडिया प्रभारी काली यादव, युवा जिला मंत्री मनीष सिंह, मनजीत प्रधान, सुभाष सिंह, बबलू सिंह एवं भवानी राय सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी