देवघर में भाजपाइयों का प्रदर्शन, राहुल गांधी का पुतला फूंका
देवघर, 29 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी नगर कमिटी के कार्यकर्ताओं ने बुधवार काे कांग्रेस पर महिला विरोधी होने का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया और राहुल गांधी का पुतला फूंका।
महिला आरक्षण से जुड़े नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर विपक्ष के कथित नकारात्मक रुख के विरोध में नगर भाजपा कार्यकर्ताओं ने शिवराम झा चौक पर जोरदार प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। नगर अध्यक्ष सोनाधारी झा के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान राहुल गांधी का पुतला दहन कर विपक्ष के खिलाफ आक्रोश जताया गया।
मौके पर नगर अध्यक्ष सोनाधारी झा ने कहा कि महिलाओं से जुड़े इस महत्वपूर्ण विधेयक पर विपक्ष का रवैया दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने इसे संकीर्ण सोच करार देते हुए कहा कि यह आधी आबादी के अधिकारों के खिलाफ है। साथ ही उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हेमंत सोरेन के खिलाफ भी नारेबाजी की और कांग्रेस और झामुमाे को महिला विरोधी बताया। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि विपक्ष महिला सशक्तिकरण के मुद्दे पर राजनीति कर रहा है।
इस मौके पर उपाध्यक्ष मीणा झा, महामंत्री रिंकू सिंह, सुभाष गुप्ता, मंत्री दीनबंधु परिहस्त, अशोक महोली, सुप्रिया गुप्ता, प्रवीण तिवारी, कुमार अभिषेक, संतोष गुप्ता, अमित राज, बिशु राय, अशोक समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy