डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर भाजपा ने दी श्रद्धांजलि, राष्ट्र एकता के लिए उनके योगदान को किया याद
रांची, 23 जून (हि.स.)। भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर भारतीय जनता पार्टी की झारखंड इकाई ने मंगलवार को प्रदेश कार्यालय और मुखर्जी पार्क में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने डॉ. मुखर्जी की प्रतिमा एवं चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धा-सुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर प्रदेश कार्यालय के अलावा राज्य भर के विभिन्न मंडलों में भी श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने डॉ. मुखर्जी के राष्ट्र निर्माण, राष्ट्रीय एकता और अखंडता के लिए किए गए योगदान को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का संपूर्ण जीवन भारत की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक अस्मिता की रक्षा के लिए समर्पित रहा। उन्होंने राष्ट्रीय हितों को सर्वोपरि रखते हुए देश को नई वैचारिक दिशा प्रदान की।
आदित्य साहू ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के पूर्ण एकीकरण के लिए डॉ. मुखर्जी का संघर्ष और राष्ट्रहित में दिया गया उनका सर्वोच्च बलिदान भारतीय इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज है। उन्होंने कहा कि एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे का उनका संकल्प राष्ट्रीय एकता और अखंडता के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक था। उनका जीवन और संघर्ष आज भी देशवासियों तथा भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बना हुआ है।
प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का राष्ट्र के प्रति समर्पण, त्याग और संघर्ष हम सभी के लिए प्रेरणादायक है। उनका जीवन हमें राष्ट्रसेवा के मार्ग पर दृढ़ता, निष्ठा और समर्पण के साथ आगे बढ़ने की सीख देता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की भावना ही डॉ. मुखर्जी की सबसे बड़ी विरासत है।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इनमें प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, भानू प्रताप शाही, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, मनोज सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल थे।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नेताओं ने डॉ. मुखर्जी के विचारों और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता और स्वाभिमान को मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प भी दोहराया।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे