भाजपा का जनजातीय गौरव पदयात्रा का रांची में प्रवेश, ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक नृत्य से गुंजी सड़कें

 


रांची, 14 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस पर भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जनजाति मोर्चा की ओर से आयोजित तीन दिवसीय जनजातीय गौरव पदयात्रा के दूसरे दिन शनिवार की शुरुआत खूंटी स्थित भाजपा कार्यालय से हुई। पदयात्रा का शुभारंभ बिरसा रथ के साथ धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर विधिवत पूजा-अर्चना एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।

बिरसा रथ के साथ निकली यह पदयात्रा कारीमाटी, तुपुदाना, हटिया, बिरसा चौक, हिनू चौक और मेन रोड होते हुए अल्बर्ट एक्का चौक पहुंची। यहां से पदयात्रा बिरसा मुंडा संग्रहालय पहुंची, जहां दूसरे दिन की यात्रा का समापन हुआ।

पदयात्रा के दौरान जगह-जगह स्थानीय लोगों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया। हटिया में विधायक नवीन जायसवाल के नेतृत्व में पदयात्रियों का ढोल-नगाड़ों, पारंपरिक गमछा एवं पुष्पवर्षा के साथ भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद बिरसा चौक पर केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने पदयात्रा का स्वागत किया। इस अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।

इसी क्रम में अल्बर्ट एक्का चौक पर आदिवासी सामाजिक संगठनों ने स्वागत किया, मेधा ओरांव, बबलू मुंडा, संदीप ओरांव, सन्नी टोप्पो ने पदयात्रियों का स्वागत किया। यहां वीर शहीद अल्बर्ट एक्का की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद पदयात्रा बिरसा मुंडा संग्रहालय पहुंची, जहां दूसरे दिन के कार्यक्रम का समापन हुआ।

पारंपरिक नृत्य-संगीत बना आकर्षण का केंद्र

पूरी पदयात्रा के दौरान जनजातीय संस्कृति, परंपरा और गौरव की अद्भुत झलक देखने को मिली। पदयात्री पूरे उत्साह और उमंग के साथ पारंपरिक वेशभूषा में ढोल-नगाड़ों की थाप पर नृत्य करते हुए आगे बढ़ रहे थे। पारंपरिक गीत-संगीत और नृत्य ने पूरे मार्ग को जनजातीय संस्कृति के उत्सव में बदल दिया। जगह-जगह लोगों का उत्साह और स्वागत पदयात्रा के आकर्षण को और बढ़ाता रहा।

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष, त्याग और बलिदान देश की आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष करते हुए जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। जनजातीय गौरव पदयात्रा केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति, परंपरा और महापुरुषों के बलिदान को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान है। भाजपा भगवान बिरसा मुंडा सहित सभी जनजातीय महापुरुषों के विचारों और आदर्शों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन राष्ट्रभक्ति, साहस और स्वाभिमान का प्रतीक है। उनका संघर्ष केवल झारखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गौरव का विषय है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने जनजातीय महापुरुषों के सम्मान, जनजातीय संस्कृति के संरक्षण और समाज के सर्वांगीण विकास को विशेष प्राथमिकता दी है। जनजातीय गौरव पदयात्रा के माध्यम से हम भगवान बिरसा मुंडा के विचारों, उनके बलिदान और जनजातीय समाज की समृद्ध विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संकल्प ले रहे हैं।

इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, पूर्व मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा, समीर उरांव, संगठन मंत्री पवन साय, सीपी सिंह, नवीन जायसवाल, सुदर्शन भगत सहित बड़ी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं जनजातीय समाज के लोग उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे