झारखंड भाजपा ने संघ कार्यालय पर हुए हमले को कायरतापूर्ण और दुर्भाग्यपूर्ण बताया

 


रांची, 17 जून (हि.स.)। रांची के निवारणपुर स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंके जाने की घटना को लेकर झारखंड भाजपा ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी तथा अन्य नेताओं ने संघ कार्यालय पहुंचकर घटना की जानकारी ली और अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने इस घटना को कायरतापूर्ण, निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि राजधानी में संघ जैसे प्रमुख सामाजिक संगठन के कार्यालय पर हमला होना राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था का संकेत है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक संस्था पर हमला नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण, सामाजिक समरसता और सेवा कार्यों में लगे संगठन की विचारधारा और मूल्यों को निशाना बनाने का प्रयास है।

साहू ने कहा कि यदि राजधानी में स्थित इतने बड़े सामाजिक संस्थान का कार्यालय सुरक्षित नहीं है तो आम नागरिकों की सुरक्षा पर भी गंभीर प्रश्न खड़े होते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ है और उन्हें कानून का भय नहीं रह गया है।

उन्होंने कहा कि भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था में हिंसा, भय और अराजकता के लिए कोई स्थान नहीं है। राष्ट्रहित, सामाजिक सद्भाव और जनसेवा के लिए कार्य करने वाली शक्तियों को डराने या विचलित करने का कोई भी प्रयास सफल नहीं होगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने राज्य सरकार और प्रशासन से मांग की कि घटना में शामिल दोषियों की 24 घंटे के भीतर गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए तथा पूरे षड्यंत्र का पर्दाफाश किया जाए। ऐसा नहीं होने पर भाजपा आंदोलन करने को बाध्य होगी।

वहीं, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी संघ कार्यालय पहुंचकर घटना की जानकारी ली। उन्होंने इसे अत्यंत गंभीर और चिंताजनक बताते हुए कहा कि आरएसएस जैसे वैचारिक संगठन के कार्यालय पर हमला कानून-व्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती है। उन्होंने कहा कि घटना के पीछे के उद्देश्य और साजिश की निष्पक्ष तथा त्वरित जांच कर पूरे मामले का जल्द खुलासा किया जाना चाहिए।

मरांडी ने रांची के पुलिस अधीक्षक, उपायुक्त और पुलिस महानिदेशक से बातचीत कर दोषियों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। साथ ही उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए संघ कार्यालय के समीप स्थायी पुलिस चौकी स्थापित करने का भी सुझाव दिया।

भाजपा के संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने भी घटना की कड़ी निंदा करते हुए अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने प्रशासन से भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की अपील की।

भाजपा नेताओं ने कहा कि घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई आवश्यक है, ताकि समाज में सुरक्षा और कानून के प्रति विश्वास कायम रह सके।----------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे