भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने रूपी सोरेन के निधन पर अर्पित की श्रद्धांजलि

 






रांची, 08 अक्टूबर (हि.स.)। झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा के साथ रांची के मोरहाबादी स्थित आवास पहुंचकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता एवं शिबू सोरेन की धर्मपत्नी रूपी सोरेन के निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित की।

मौके पर साहू ने कहा कि रूपी सोरेन का निधन अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। यह सोरेन परिवार सहित पूरे राज्य के लिए अपूरणीय क्षति है। दुःख की इस घड़ी में भाजपा शोकाकुल परिवार के साथ खड़ी है।

उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने तथा शोक संतप्त सोरेन परिवार को इस कठिन समय में दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

बाबूलाल मरांडी ने रूपी सोरेन के निधन पर जताया गहरा शोक

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने रूपी सोरेन के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि रूपी सोरेन के निधन की खबर बेहद दुखद और पीड़ादायक है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल सोरेन परिवार को इस कठिन समय में दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

गिरिडीह में मरांडी ने कहा कि सोरेन परिवार पर हालिया दिनों में दो बड़े दुख का पहाड़ टूटा है। पहले दिशोम गुरु शिबू सोरेन का स्वर्गवास और अब रूपी सोरेन का निधन, यह काफी दुखद और अपूरणीय क्षति है। इस कठिन घड़ी में हमारी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवार के साथ है।

उन्होंने कहा कि यूं तो उनके साथ मुलाकात की कोई विशेष स्मृति याद नहीं है, क्योंकि अक्सर पारिवारिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों में दिवंगत शिबू सोरेन, दिवंगत दुर्गा सोरेन और हेमंत सोरेन से ही बातचीत होती रही। 1999 के लोकसभा चुनाव में वे हमारे खिलाफ चुनाव लड़ी थीं।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे