बच्ची से दुष्कर्म और हत्या के आरोपित दो दिन में नहीं पकड़े गये तो तीन अप्रैल को भाजपा का झारखंड बंद : आदित्य साहू
रांची, 30 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू ने कहा कि बच्ची से दुष्कर्म और हत्या के आरोपित यदि दो दिनों में नहीं पकड़े गए तो तीन अप्रैल को भाजपा झारखंड बंद बुलायेगी। आगामी 2 अप्रैल को भाजपा जिला और प्रखंड मुख्यालयों में मशाल जुलूस निकालकर विरोध करेगी और 3 अप्रैल को झारखंड को बंद कराया जाएगा। श्री साहू ने सोमवार को नई दिल्ली स्थित आवास पर प्रेसवार्ता में बोल रहे थे।
उन्होंने हजारीबाग जिले के कुसुंबा की बेटी के साथ हुए दुष्कर्म और फिर उसकी जघन्य हत्या पर हेमंत सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि राज्य में आज बेटियां असुरक्षित हैं। विधि व्यवस्था ध्वस्त है और अपराधियों का मनोबल सिर चढ़कर बोल रहा।
साहू ने कहा कि झारखंड में कानून का शासन समाप्त हो चुका है। यहां अपराधियों की समानांतर सरकार चल रही। अपराधी, गुंडे जैसा चाह रहे वैसा कर पाने में सफल हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड में हेमंत है तो हिम्मत है अपराधियों को,लुटेरों को, दलालों को,बिचौलियों को। उन्होंने कहा कि आम आदमी परेशान है,त्रस्त है, बेटियां असुरक्षित हैं। कहा कि रामनवमी मंगलवारी जुलूस में घूमने गई कुसुंबा की बेटी के साथ जिस प्रकार से अपराधियों ने दुष्कर्म किए,उसके शव के साथ जिस प्रकार से दरिंदों ने आंख निकाले,दांत तोड़े,जीभ काटे यह अपराध की पराकाष्ठा है। यह घटना रेयरेस्ट ऑफ द रेयर है।
उन्होंने कहा कि ऐसी घटना पर राज्य सरकार की उदासीनता ने राज्य की जनता को हताश व निराश किया है। जनता दहशत में जीने को मजबूर है। कहा कि मुख्यमंत्री ने घटना के छह दिन बाद भी एक ट्वीट कर के भी घटना की निंदा नहीं की। कार्रवाई के लिए निर्देश नहीं दिए। कहा कि वे आभारी हैं उच्च न्यायालय का जिन्होंने घटना का स्वतः संज्ञान लेकर राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों,डीजीपी,मुख्य सचिव को निर्देशित किए हैं।
उन्होंने कहा कि घटना के बाद भाजपा ने इस जघन्य अपराध के खिलाफ पूरे राज्य में आंदोलन प्रारंभ किए हैं। साथ ही कुसुंबा की निर्भया के परिवार के साथ पार्टी खड़ी है। उसके मजदूर पिता को घर लौटने में पार्टी के सांसद विधायकों ने मदद की, परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई। हजारीबाग सहित पूरे प्रदेश में धरना प्रदर्शन के माध्यम से अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए आंदोलन चलाए हैं।
उन्होंने राज्य के वित्त मंत्री और कांग्रेस नेता के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी और कहा कि कांग्रेस पार्टी निर्लज्जता की सीमा पार कर चुकी है। सात दिनों के बाद सरकार के वित्त मंत्री कुछ पैसे देकर परिवार के जख्म को भरना चाहते है। ये संवेदनहीन सरकार है। जिसे गरीबों की पीड़ा,महिलाओं का दर्द,बेटियों के साथ दरिंदगी सामान्य घटना लगती है। उन्होंने कहा कि भाजपा कुसुंबा की निर्भया की आत्मा को तभी शांति मिलेगी जब उसके अपराधी फांसी के फंदे पर झूलेंगे। प्रेसवार्ता में उपाध्यक्ष एवं सांसद डॉ प्रदीप वर्मा,सांसद ढुल्लू महतो भी उपस्थित थे।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे