कांग्रेस लोकतांत्रिक और संवैधानिक प्रक्रियाओं में बाधा डालने की कर रही कोशिश : आदित्य साहू
रांची, 10 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने कांग्रेस पर राज्यसभा चुनाव की संवैधानिक प्रक्रिया को प्रभावित करने और उसमें बाधा उत्पन्न करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि संभावित हार की आशंका से कांग्रेस बौखला गई है और उसके नेता चुनावी प्रक्रिया पर दबाव बनाने का प्रयास कर रहे हैं।
बुधवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए आदित्य साहू ने कहा कि कांग्रेस के मंत्री, विधायक, पूर्व विधायक, पूर्व सांसद और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता विधानसभा परिसर पहुंचकर अशांति का माहौल बनाने तथा चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं ने निर्वाची पदाधिकारी (रिटर्निंग ऑफिसर) पर अनावश्यक दबाव बनाने के उद्देश्य से प्रदर्शन और हंगामा किया।
साहू ने कहा कि राज्यसभा चुनाव की प्रक्रिया निर्धारित नियमों और संवैधानिक प्रावधानों के तहत संचालित हो रही है। इसके बावजूद कांग्रेस द्वारा दबाव की राजनीति करना लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की भावना के विपरीत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को न तो लोकतांत्रिक व्यवस्था पर विश्वास है और न ही संवैधानिक संस्थाओं पर भरोसा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने विधानसभा परिसर में हुए प्रदर्शन को गंभीर विषय बताते हुए विधानसभा अध्यक्ष से हस्तक्षेप की मांग की। उन्होंने कहा कि जो लोग संवैधानिक प्रक्रिया में व्यवधान उत्पन्न करने का प्रयास कर रहे हैं, उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब रिटर्निंग ऑफिसर निर्धारित नियमों के अनुसार पूरी प्रक्रिया संचालित कर रहे हैं, तब कांग्रेस नेताओं द्वारा दबाव की राजनीति क्यों की जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस चुनाव आयोग और संवैधानिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली को प्रभावित करने का प्रयास कर रही है।
आदित्य साहू ने कांग्रेस पर खरीद-फरोख्त और दबाव की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह पार्टी की पुरानी कार्यशैली रही है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ने झारखंड के कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेतृत्व की उपेक्षा करते हुए ऐसे व्यक्ति को उम्मीदवार बनाया है, जिसका राज्य से प्रत्यक्ष जुड़ाव नहीं रहा है। इससे यह स्पष्ट होता है कि कांग्रेस झारखंड के स्वाभिमान और स्थानीय नेतृत्व का सम्मान नहीं करती।
प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को विधानसभा परिसर के भीतर प्रदर्शन की अनुमति मिली, जबकि भाजपा कार्यकर्ताओं को बाहर ही रोक दिया गया। उन्होंने इसे प्रशासन का दोहरा मापदंड बताते हुए निष्पक्षता पर प्रश्नचिह्न लगाया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने प्रशासन को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से कार्य करने की सलाह देते हुए कहा कि राज्यसभा चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराना निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि रिटर्निंग ऑफिसर को किसी भी प्रकार के राजनीतिक दबाव से मुक्त होकर नियमों के अनुरूप निर्णय लेना चाहिए।
साहू ने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और चुनावी तथा संवैधानिक प्रक्रियाओं को प्रभावित करने के किसी भी प्रयास का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करती रहेगी।
प्रेस वार्ता में प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, प्रदेश प्रवक्ता रमाकांत महतो, प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह तथा अशोक बड़ाईक भी उपस्थित थे।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे