हेमंत सरकार के दावों और वादों पर रत्ती भर भी भरोसा नहीं : आदित्य साहू

 




-झारखंड में सरकारी विफलताओं के खिलाफ आंदोलन की तैयारी में जुटी भाजपा- 15 से 20 मई तक ब्लॉक-स्तर पर धरना-प्रदर्शन निर्धारित

रांची, 15 मई (हि.स.)। राजधानी रांची स्थित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में शुक्रवार को पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में राज्य की मौजूदा राजनीतिक स्थिति, किसानों के संकट, हालिया प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान, राज्य सरकार पर वादाखिलाफी के आरोप तथा एसआईआर सहित कई मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में हेमंत सरकार की कथित विफलताओं को लेकर सरकार को घेरने की रणनीति पर विचार किया गया तथा आगामी आंदोलनों की रूपरेखा तैयार की गई।

प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि राज्य सरकार के किसी भी वादे या दावे पर जनता का भरोसा नहीं रह गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सरकार केवल घोषणाएं करने में माहिर है, जबकि जमीनी स्तर पर परिणाम दिखाई नहीं देते।

बैठक के बाद प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि पार्टी की मंडल, जिला और कोर ग्रुप स्तर की बैठकें पहले ही पूरी हो चुकी हैं। अब प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक के बाद प्राप्त सुझावों के आधार पर आगे की रणनीति और आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जा रही है।

उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का कार्य पूरे देश की तरह झारखंड में भी चल रहा है। आयोग ने राजनीतिक दलों से अपने बीएलए-2 कार्यकर्ताओं के नाम और फोटो जिला कार्यालय में जमा करने का आग्रह किया है, जिसे भाजपा ने समय पर पूरा कर लिया है।

गणेश मिश्रा ने बताया कि पार्टी इस प्रक्रिया को लेकर पूरी तरह सजग है और बीएलए-1 तथा बीएलए-2 स्तर पर प्रशिक्षण की व्यवस्था पर भी चर्चा हुई है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में कई विसंगतियां हैं, जिन्हें दूर करना आवश्यक है ताकि शुद्ध और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित हो सके।

बैठक में किसानों की समस्याओं पर भी गंभीर चर्चा हुई। नेताओं ने कहा कि बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से किसान प्रभावित हुए हैं। साथ ही सरकार द्वारा घोषित 3200 रुपये प्रति क्विंटल एमएसपी के दावे को भी असफल बताया गया।

प्रदेश महामंत्री ने यह भी बताया कि राज्यभर में प्रखंड स्तर पर स्थानीय समस्याओं को लेकर भाजपा 15 से 20 मई तक विभिन्न तिथियों में एकदिवसीय धरना देगी। इन प्रदर्शनों में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ आम जनता की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी सरकार से अपने ही किए गए वादों को पूरा करने की मांग करेगी।

बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के अलावा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, नागेंद्र नाथ त्रिपाठी, करमवीर सिंह, राकेश प्रसाद, नीलकंठ सिंह मुंडा, भानु प्रताप शाही सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे