प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर भाजपा ने कार्यकर्ताओं से घरों में दीया जलाने का दिया निर्देश

 


रांची, 15 सितंबर (हि.स.)। भाजपा प्रदेश कार्यालय में पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों की मासिक बैठक प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में संगठनात्मक मुद्दे पर विशेष रूप से चर्चा की गई। झारखंड भाजपा के जिला और मंडल स्तरीय कमिटी को जल्द से जल्द पूरा करने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही 17 सितंबर से लेकर 17 अक्टूबर तक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस और उनके सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने को लेकर पूरे एक माह तक चलाये जाने वाले सेवा संकल्प अभियान पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक को प्रदेश अध्यक्ष ने संबोधित करते हुए कहा कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के दिन आशीर्वाद का दीया जलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लंबी उम्र एवं उनके दीर्घायु जीवन के लिए उन्हें झारखंड की जनता आशीर्वाद देगी। साथ ही उन्होंने पार्टी के कार्यकर्ताओं को अपने- अपने घरों, मंदिरों, प्रतिष्ठानों एवं कार्यालयों में दीया जलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इस दिन घर-घर में प्रज्वलित होने वाले आशीर्वाद के दीया से पूरा झारखंड जगमगाएगा।

उन्होंने कहा कि हम सब सचमुच बहुत ही सौभाग्यशाली हैं कि हम सबको प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की जनता का सेवा करने का मौका मिला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिना थके, बिना रुके पिछले 25 वर्षों से देश के नागरिकों की सेवा करने का काम कर रहे हैं, उन पर यह ईश्वरीय वरदान है। साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 13 साल मुख्यमंत्री के रुप में और 12 साल देश के प्रधानमंत्री के रूप में देश की 140 करोड़ लोगों के कल्याण के लिए अनेक काम किए हैं, जिसका हम सब ऋणी हैं। उन्होंने कहा कि 07 अक्टूबर को मोदी के सार्वजनिक जीवन की यात्रा के 25 साल पूरे होंगे, जो 07 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के साथ शुरू हुई थी। उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था जब देश में हमारी अर्थव्यवस्था का माहौल निराशा का था, हमारी अर्थव्यवस्था काफी कमजोर थी।

साहू ने कहा कि जब देश का नेतृत्व नरेंद्र मोदी ने संभाला तो उन्होंने देश की आर्थिक तस्वीर बदल दी। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने आर्थिक चुनौतियों से निकलकर एक मजबूत, आत्मविश्वासी और वैश्विक स्तर पर प्रभावशाली अर्थव्यवस्था की दिशा में ऐतिहासिक और लंबी छलांग लगाई है।

बैठक से पूर्व प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने राष्ट्रीय मंत्री के रूप में नई जिम्मेदारी मिलने पर प्रदीप वर्मा को पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर बधाई दी।

बैठक में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, राष्ट्रीय मंत्री डॉ प्रदीप वर्मा, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, नीलकंठ सिंह मुंडा, आभा महतो, बालमुकुंद सहाय, भानु प्रताप शाही, सुनील सोरेन, मुनेश्वर साहू एवं गीता कोड़ा, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा सहित अन्य उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे