प्रदेश भाजपा 25 को कांग्रेस के खिलाफ निकालेगी आक्रोश मार्च: आदित्य
रांची, 19 अप्रैल (हि.स.)। भाजपा प्रदेश कार्यालय में रविवार को प्रदेश अध्यक्ष की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान निर्णय लिया गया कि 25 अप्रैल को रांची में प्रदेश भाजपा के बैनर तले बड़ा आक्रोश मार्च निकलेगा।
यह आक्रोश मार्च मोरहाबादी मैदान से मेन रोड तक निकाला जायेगा। इस कार्यक्रम में रांची महानगर, रांची पूर्वी, रांची पश्चिमी, रामगढ़, खूंटी और लोहरदगा जिले से हजारों की संख्या में महिलाएं शामिल होंगी।
बैठक के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह राज्य सभा सांसद आदित्य साहू ने कांग्रेस पार्टी और इंडी गठबंधन के दलों पर निशाना साधा।
साहू ने कहा कि कहा कि संसद में पेश महिला आरक्षण बिल का विरोध कर कांग्रेस और इंडी गठबंधन के सांसदों ने देश की महिला शक्ति के साथ घोर अन्याय किया है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का इतिहास पुराना है। जब कभी अवसर आया है कांग्रेस पार्टी ने नारी शक्ति को कुचलने में ताकत लगाई है।
उन्होंने कहा कि ये वही कांग्रेस है जिसने शाहबानो को न्याय दिलाने में नहीं बल्कि वोट बैंक के खातिर उसे प्रताड़ित करने में सत्ता का दुरुपयोग किया था। उच्चतम न्यायालय के फैसले को बदलकर शाहबानो के विरोध में कानून बनाए थे।
उन्होंने कहा कि इतना ही नहीं तीन तलाक कानून का विरोध किया और राष्ट्रपति का विरोध किया। मोदी सरकार की ओर से लागू किए गए नारी सशक्तिकरण की योजनाओं का मजाक उड़ाया।
उन्होंने कहा कि यह जगजाहिर है कि कांग्रेस पार्टी गांधी परिवार की महिलाओं के सिवा और किसी महिला को राजनीति में आगे बढ़ते नहीं देखना चाहती है।
उन्होंने कहा कि इसी मानसिकता के कारण संसद में कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने महिला आरक्षण बिल का विरोध किया।
उन्होंने कहा कि इस महिला विरोधी चरित्र के कारण देश भर में कांग्रेस और इंडी गठबंधन के खिलाफ नारी शक्ति में आक्रोश व्याप्त है। महिलाएं सड़कों पर उतरकर कांग्रेस पार्टी का विरोध कर रही है।
उन्होंने लोगों से 25 अप्रैल वाले आक्रोश मार्च में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान भी किया।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष के अलावा संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष नीलकंठ सिंह मुंडा, गीता कोड़ा, भानु प्रताप शाही, मुनेश्वर साहू, मुख्य सचेतक नवीन जयसवाल, रांची विधायक सीपी सिंह, प्रदेश मंत्री सुनीता सिंह, अमरदीप यादव, रांची महानगर अध्यक्ष वरुण साहू, सत्यनारायण सिंह, रमेश सिंह, सभी संबंधित छह जिले के अध्यक्ष सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे