अपनी नाकामियों को छिपाने का राष्ट्रीय ड्रामा कर रही है भाजपा : कांग्रेस

 


रांची, 22 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी की ओर से देशभर में कांग्रेस कार्यालयों के घेराव को प्रदेश कांग्रेस ने भाजपा के विफलताओं, भ्रष्टाचार और जनविरोधी नीतियों से देश का ध्यान भटकाने का सुनियोजित राजनीतिक प्रपंच बताया है। यह बातें कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने बुधवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कही।

उन्होंने कहा कि भाजपा पिछले 12 वर्षों से केंद्र की सत्ता में बैठकर महंगाई, बेरोजगारी, पेपर लीक, किसानों की बदहाली, उद्योगों की बिक्री और लोकतांत्रिक संस्थाओं के दुरुपयोग का रिकॉर्ड बना चुकी है। वही आज कांग्रेस कार्यालयों का घेराव कर अपनी राजनीतिक हताशा का प्रदर्शन कर रही है। जनता के सवालों का जवाब देने का साहस भाजपा के पास नहीं बचा है, इसलिए विपक्ष को डराने का असफल प्रयास किया जा रहा है।

सिन्हा ने कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्त्ताओं ने भाजपा के घेराव कार्यक्रम का मुकम्मल जवाब दिया। कांग्रेस कार्यालय के समक्ष कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ता पानी में भींग कर डटे रहे और छात्रों की हत्यारी सरकार शर्म करो और धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो के नारे लगाए।

इस मौके पर सुनील सहाय, राकेश सिन्हा, लाल किशोर नाथ सहदेव, एम तोसिफ, सोनल शांति, सुरेंद्र सिंह, आभा सिन्हा, राजन बर्मा, विजय शंकर नायक, राजेश सिन्हा सनी, अख्तर अली, मुन्नम संजय, प्रो उदयप्रकाश, शाहबाज अहमद, अमरिंदर सिंह, दीपक ओझा सहित सैकड़ों कांग्रेसजन मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak