निशा भगत मामला : भाजपा एसटी मोर्चा ने किया 18 नवंबर को दक्षिणी छोटानागपुर बंद का आह्वान
-सीबीआई जांच की मांग को लेकर 10 और 17 नवंबर को मशाल जुलूस-11 नवंबर को आदिवासी महिलाएं निकालेंगी कैंडल मार्च
रांची, 09 नवंबर (हि.स.)। आदिवासी नेत्री निशा भगत को न्याय दिलाने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अनुसूचित जनजाति (एसटी) मोर्चा ने व्यापक आंदोलन की घोषणा की है। इसके तहत 18 नवंबर को दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल बंद का आह्वान किया गया है। वहीं, आंदोलन के तहत 10 और 17 नवंबर को मशाल जुलूस तथा 11 नवंबर को आदिवासी महिलाओं की ओर से कैंडल मार्च निकाला जाएगा।
भाजपा एसटी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सन्नी टोप्पो ने सोमवार को पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि निशा भगत का मामला केवल एक व्यक्ति से जुड़ा नहीं है, बल्कि यह आदिवासी समाज की अस्मिता, सम्मान और न्याय से जुड़ा गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि जब तक मामले की सीबीआई जांच की अनुशंसा नहीं होती और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित नहीं की जाती, तब तक मोर्चा का आंदोलन जारी रहेगा।
टोप्पो ने आंदोलन की रूपरेखा की जानकारी देते हुए बताया कि 10 नवंबर को रांची महानगर, रांची पूर्वी, रांची पश्चिमी, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा और खूंटी में मशाल जुलूस निकाला जाएगा। इसके बाद 11 नवंबर को आदिवासी महिलाएं कैंडल मार्च निकालकर निशा भगत को न्याय दिलाने और निष्पक्ष जांच की मांग उठाएंगी। वहीं, 17 नवंबर को सभी संगठनात्मक मंडलों में मशाल जुलूस आयोजित किया जाएगा। इसके अगले दिन 18 नवंबर को दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल बंद कराया जाएगा।
सन्नी टोप्पो ने बताया कि इससे पहले सात नवंबर को राज्य के सभी 595 संगठनात्मक मंडलों में प्रदर्शन और पुतला दहन कर मामले की सीबीआई जांच की मांग की गई थी। उन्होंने कहा कि आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा और सरकार पर निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए दबाव बनाया जाएगा।
प्रेस वार्ता में मौजूद पूर्व विधायक रामकुमार पाहन ने कहा कि आदिवासी बेटियों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। इस मामले में लीपापोती और पक्षपात की आशंकाओं को समाप्त करने के लिए सीबीआई जांच आवश्यक है। निष्पक्ष जांच से ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई सुनिश्चित हो पाएगी।
भाजपा प्रवक्ता आरती कुजूर ने आदिवासी महिलाओं, सामाजिक संगठनों और युवाओं से आंदोलन में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि न्याय और आदिवासी समाज के सम्मान से जुड़े इस मुद्दे पर सभी को एकजुट होकर आवाज उठानी चाहिए।
भाजपा नेताओं ने 18 नवंबर को प्रस्तावित दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल बंद को शांतिपूर्ण और सफल बनाने की अपील की। प्रेस वार्ता में अशोक बड़ाईक, पिंकी खोया, रवि मुंडा, रेणु तिर्की और मुकेश भगत सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे